मारपीट में घायल बुजुर्ग ने उपचार के दौरान तोड़ा था दम, रसूलाबाद पुलिस ने इटैली पुलिया के पास से आरोपी को दबोचा
संवाददाता
कानपुर देहात।
थाना रसूलाबाद पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुंवर सिंह (32) पुत्र रामसिंह निवासी ग्राम रिवरी, इटैली के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 15 अक्टूबर को इटैली पुलिया के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, 21 जुलाई 2026 को संदीप पुत्र जयकरन सिंह निवासी ग्राम रिवरी, इटैली ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि आरोपियों ने एकराय होकर उसके और उसके पिता जयकरन सिंह के साथ गाली-गलौज व मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में रसूलाबाद थाने में सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मेडिकल परीक्षण के आधार पर मुकदमे में अन्य धाराएं भी बढ़ाई गईं।
इलाज के दौरान घायल बुजुर्ग की हुई मौत
विवेचना के दौरान मारपीट में घायल जयकरन सिंह की 19 सितंबर 2026 को उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मुकदमे में गैर-इरादतन हत्या से संबंधित धारा 105 बीएनएस की बढ़ोतरी की। मामले में वांछित कुंवर सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें प्रयास कर रही हैं।
पुलिस टीम ने की गिरफ्तारी
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजेश प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार तथा कांस्टेबल विवेक कुमार और बबलू सिंह शामिल रहे।