नारी सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण का दिया संदेश, पुलिस की कार्यप्रणाली से रूबरू हुईं मेधावी छात्राएं
संवाददाता
उरई/जालौन।
शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत जनपद जालौन में मेधावी छात्राओं को एक दिन का थाना प्रभारी बनाकर महिला सशक्तीकरण और नारी सम्मान का संदेश दिया गया। पुलिस अधीक्षक सुरेश चन्द्र रावत एवं अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी के निर्देशन में जिले के आठ थानों में यह पहल की गई।
उत्तर प्रदेश शासन के मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ उनमें आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करना है। इसी क्रम में विभिन्न विद्यालयों की मेधावी छात्राओं को पुलिस की कार्यप्रणाली समझने और थाना प्रभारी की जिम्मेदारी का अनुभव करने का अवसर मिला।
इन छात्राओं ने संभाली थानों की कमान
कोतवाली उरई में राजकीय इंटर कॉलेज की कक्षा 11 की छात्रा करिश्मा वर्मा, थाना रामपुरा में राजा चितर सिंह बालिका इंटर कॉलेज की छात्रा पायल, कोतवाली जालौन में छात्रा एरवी मिश्रा, थाना डकोर में राजकीय इंटर कॉलेज की कक्षा 12 की छात्रा नैशी, थाना एट में जनता इंटर कॉलेज की कक्षा 9 की छात्रा रमाकांती, कोतवाली माधौगढ़ में सरस्वती ज्ञान मंदिर इंटर कॉलेज की कक्षा 11 की छात्रा प्रियांशी सिंह, थाना सिरसाकलार में जनता इंटर कॉलेज की छात्रा माधवी और महिला थाने में एसआर इंटर कॉलेज उरई की कक्षा 10 की छात्रा अनुष्का को एक दिन का थाना प्रभारी बनाया गया।
आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता बढ़ाने की पहल
पुलिस की इस पहल से छात्राओं को कानून-व्यवस्था, पुलिस की जिम्मेदारियों और महिला सुरक्षा से जुड़े विषयों को करीब से समझने का अवसर मिला। मिशन शक्ति के माध्यम से बालिकाओं को जागरूक, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के साथ समाज में नारी सुरक्षा एवं सम्मान का संदेश दिया गया।