राजस्व, भूमि विवाद से लेकर बिजली, सड़क और पेयजल की शिकायतें पहुंचीं, डीएम ने गुणवत्ता पर दिया जोर
संवाददाता
कानपुर देहात
कानपुर देहात। कलेक्ट्रेट में सोमवार को आयोजित जनसुनवाई में जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान राजस्व, भूमि विवाद, विकास कार्य, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, विद्युत, पेयजल, सड़क और पुलिस समेत विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। डीएम ने विभागवार शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण को प्राथमिकता के आधार पर शासन की मंशा के अनुरूप निस्तारित किया जाए।
शिकायतकर्ता को मिले संतोषजनक समाधान
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को निर्धारित समयसीमा में संतोषजनक समाधान मिलना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को प्रकरणों की वास्तविक स्थिति की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे में शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े अधिकारी
जनसुनवाई के दौरान जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ सभी उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी तथा नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए निर्धारित समयसीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।