कलेक्ट्रेट में सजी विकास और जनकल्याण की तस्वीर, ‘सेवा संकल्प अभियान’ का हुआ शुभारंभ

जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने किया प्रदर्शनी का अवलोकन, पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने पर दिया जोर

संवाददाता
उरई/जालौन

उरई। ‘सेवा संकल्प अभियान-जन सेवा से देश सेवा’ के तहत सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं और सरकार की उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से चित्र प्रदर्शनी एवं विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। प्रदर्शनी का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, माधौगढ़ विधायक मूलचन्द्र निरंजन, कालपी विधायक प्रतिनिधि आशू चतुर्वेदी, जिलाधिकारी समीर, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी और नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार ने फीता काटकर किया।

उद्घाटन के बाद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभ के संबंध में जानकारी ली। सूचना विभाग की ओर से लगाई गई चित्र प्रदर्शनी में जनपद में कराए गए विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया।

पात्र व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ

जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी ने कहा कि किसी भी जनकल्याणकारी योजना की सार्थकता तभी है, जब उसकी जानकारी पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और उसे उसका लाभ मिले। उन्होंने लोगों से प्रदर्शनी के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाने की अपील की।

माधौगढ़ विधायक मूलचन्द्र निरंजन ने कहा कि सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में आमजन तक पहुंचाने पर जोर दिया, ताकि जानकारी के अभाव में कोई पात्र व्यक्ति सरकारी लाभ से वंचित न रहे।

डीएम ने दिए प्रभावी प्रचार-प्रसार के निर्देश

जिलाधिकारी समीर ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं की जानकारी सरल एवं सहज भाषा में उपलब्ध कराई जाए। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के साथ उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान कराने पर भी ध्यान दिया जाए।

प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभ की जानकारी दी। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित यह प्रदर्शनी आमजन के लिए सरकारी योजनाओं और जिले में हुए विकास कार्यों की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *