नगरीय निकायों में आयोजित होंगे विशेष शिविर, पात्र लोगों को मौके पर ही योजनाओं से जोड़ने की होगी कार्रवाई
संवाददाता
उरई/जालौन
उरई। सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद जालौन की विभिन्न नगरीय निकायों में विशेष कैम्प आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए मौके पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) एवं प्रभारी अधिकारी (स्थानीय निकाय) राजीव राज ने बताया कि शासन के निर्देशों के क्रम में 7 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी कड़ी में आयोजित होने वाले विशेष कैम्पों में पात्र लोगों को प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन और दिव्यांग पेंशन समेत अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।
इन तिथियों में लगेंगे विशेष कैम्प
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उरई, जालौन और कोंच नगर पालिका में 6 व 7 अक्टूबर को विशेष कैम्प आयोजित किए जाएंगे। कालपी नगर पालिका में 8 व 9 अक्टूबर को शिविर लगाए जाएंगे।
वहीं नगर पंचायत रामपुरा में 7 व 8 अक्टूबर तथा एट, माधौगढ़, ऊमरी और नदीगांव में 8 व 9 अक्टूबर को विशेष कैम्प आयोजित होंगे। कदौरा और कोटरा में भी दो दिवसीय विशेष कैम्प निर्धारित किए गए हैं।
स्वास्थ्य जांच के साथ योजनाओं का मिलेगा लाभ
प्रशासन की ओर से नागरिकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने क्षेत्र में आयोजित होने वाले विशेष कैम्प में पहुंचें। शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण कराने के साथ अपनी पात्रता के अनुसार विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन एवं आवश्यक कार्रवाई पूरी कराएं।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं को जरूरतमंद एवं पात्र लोगों तक सीधे पहुंचाना है, ताकि उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक रूप से अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।