कानपुर देहात में अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा, चार गिरफ्तार; 38 क्वार्टर अवैध शराब बरामद

अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई, शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में 12 के खिलाफ भी कार्रवाई

संवाददाता
कानपुर देहात

कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध नियंत्रण एवं जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान पुलिस ने 38 क्वार्टर देशी शराब भी बरामद की।

थाना डेरापुर पुलिस ने धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में दर्ज मुकदमे में वांछित रणविजय सिंह निवासी अकारू, थाना मंगलपुर को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की। वहीं थाना मंगलपुर पुलिस ने दहेज उत्पीड़न से संबंधित मामले में प्रांशु, जयप्रकाश और मनोरंजनी, निवासी द्वारिकागंज, झींझक को गिरफ्तार किया।

38 क्वार्टर देशी शराब बरामद

इसी क्रम में थाना अकबरपुर पुलिस ने इकघरा निवासी रामबाबू (56) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 38 क्वार्टर देशी शराब बरामद की। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई।

शांति व्यवस्था को लेकर 12 पर कार्रवाई

जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने 12 व्यक्तियों के खिलाफ धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत चालान की कार्रवाई की। इनमें थाना सिकंदरा से एक, रूरा से पांच, भोगनीपुर से दो, रसूलाबाद से एक और शिवली थाना क्षेत्र से तीन व्यक्ति शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *