समाधान दिवस में 189 शिकायतें, छह का मौके पर निस्तारण

डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई; गौशालाओं के निरीक्षण का भी आदेश

संवाददाता
कानपुर देहात

कानपुर देहात। तहसील अकबरपुर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी कपिल सिंह और पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान कुल 189 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से छह शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समयसीमा में पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे। जरूरत पड़ने पर अधिकारी मौके पर जाकर शिकायत की वास्तविक स्थिति की जांच करें और निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक भी लें।

खतौनी की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई

जनसुनवाई के दौरान खतौनी में त्रुटि सुधार से संबंधित शिकायतें भी सामने आईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद शिकायतकर्ताओं को सही खतौनी उपलब्ध कराई गई।

डीएम ने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भूमि विवादों के मामलों में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर भेजकर समयबद्ध समाधान कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही मुख्यमंत्री संदर्भ, आईजीआरएस, जनप्रतिनिधियों के संदर्भ तथा तहसील दिवस की शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा करने को कहा।

सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक जनसुनवाई

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने कार्यालयों में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक जनसुनवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिकायत पंजिका दुरुस्त रखने तथा फरियादियों के साथ संवेदनशील एवं शिष्ट व्यवहार करने को भी कहा।

गौशालाओं का चेकलिस्ट के आधार पर निरीक्षण

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने अकबरपुर तहसील क्षेत्र में संचालित गौशालाओं का चेकलिस्ट के आधार पर स्थलीय निरीक्षण कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों से निरीक्षण की रिपोर्ट फोटोग्राफ सहित निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध कराने को कहा गया।

समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह, एसडीएम अकबरपुर राजकुमार पाण्डेय, सीएमओ डा. जयगोविन्द, डीएफओ प्रोमिला, क्षेत्राधिकारी अकबरपुर, जिला विकास अधिकारी सुनील तिवारी सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। जनपद की अन्य तहसीलों में भी समाधान दिवस आयोजित कर फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *