सात विकासखंडों में लगा ‘सेवा सेतु’, एक ही छत के नीचे मिलीं सरकारी योजनाओं की सुविधाएं

ग्रामीणों को एक ही स्थान पर मिलीं विभिन्न विभागों की सेवाएं, मौके पर हुए आवेदन और दस्तावेजों का सत्यापन

संवाददाता
कानपुर देहात

कानपुर देहात। सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को जिले के अकबरपुर, मैथा, रसूलाबाद, अमरौधा, मलासा, सरवनखेड़ा और झींझक विकासखंडों में ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिलाधिकारी कपिल सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं नागरिकों ने पहुंचकर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी ली और उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मौके पर ही पात्र लोगों के आवेदन भरवाए, आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया और पात्र आवेदनों को स्वीकृत करने की प्रक्रिया पूरी की। लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, दिव्यांगजन सहायक उपकरण और अन्य आवश्यक सामग्री भी वितरित की गई।

स्वास्थ्य विभाग ने लगाए जांच शिविर

शिविरों में स्वास्थ्य विभाग की ओर से नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। लोगों को चिकित्सीय परामर्श के साथ आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। वहीं अन्य विभागों ने अपनी-अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित सेवाएं और जानकारियां उपलब्ध कराईं।

दफ्तरों के चक्कर लगाने से मिली राहत

‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं को पात्र लाभार्थियों तक सीधे पहुंचाना है। एक ही स्थान पर कई विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने से ग्रामीणों को अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली।

शिविरों में ग्रामीणों और नागरिकों की अच्छी भागीदारी रही। लोगों ने विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने के साथ पात्रता के अनुसार आवेदन किए और मौके पर उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *