गांधी जयंती पर दौड़ी खेल प्रतिभाएं, 104 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

5 किमी पुरुष और 3 किमी महिला पैदलचाल प्रतियोगिता में विजेताओं को किया गया सम्मानित

संवाददाता
उरई/जालौन

उरई। गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला खेल कार्यालय, इंदिरा स्टेडियम उरई की ओर से जिला स्तरीय पैदलचाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में स्थानीय विद्यालयों के कुल 104 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया, जिसमें 74 पुरुष और 30 महिला खिलाड़ी शामिल रहीं।

इंदिरा स्टेडियम उरई में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ संदीप गहोई एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ. अखिलेश कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। प्रतियोगिता में 5 किलोमीटर पुरुष एवं 3 किलोमीटर महिला वर्ग के खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

पुरुष वर्ग में कैशव ने मारी बाजी

5 किलोमीटर पुरुष वर्ग में कालपी के कैशव ने प्रथम, करमेर रोड उरई के अभिषेक ने द्वितीय तथा कालपी के सौरभ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सांत्वना पुरस्कार के लिए रामकृष्ण ने चतुर्थ, इन्द्रेश कुलश्रेष्ठ ने पंचम और दुर्गेश ने षष्ठम स्थान हासिल किया।

महिला वर्ग में रवीना रहीं अव्वल

वहीं 3 किलोमीटर महिला वर्ग में ग्राम इकलासपुरा की रवीना ने प्रथम, नया पटेल नगर उरई की दीपिका ने द्वितीय तथा इसी क्षेत्र की आलिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सांत्वना पुरस्कार के लिए रिया चतुर्थ, नव्या यादव पंचम और आकांक्षा षष्ठम स्थान पर रहीं।

प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को जिला युवा अधिकारी माई भारत उरई सचिन गेरा एवं समाजसेवी सत्यनारायण शुक्ला ने संयुक्त रूप से पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका महेन्द्रनाथ पटेल, मिथलेश सिंह, ममता स्वर्णकार, राजेन्द्र कुमार पाल, मुकेश भारतीया, सुरिन्दर कौर, पूजा एवं दिव्यांश सेंगर ने निभाई। कार्यक्रम का संचालन क्रीड़ाधिकारी शैलेन्द्र कुशवाहा ने किया।

इस अवसर पर माता प्रसाद शाक्यवार, मानसिंह, राजीव शर्मा, युद्धबीर कन्थरिया, वीरेन्द्र सिंह यादव, राजेश कुमार सहित गणमान्य नागरिक एवं खिलाड़ी मौजूद रहे। अंत में क्रीड़ाधिकारी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए प्रतियोगिता के समापन की घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *