गांधी-शास्त्री जयंती पर गूंजा स्वच्छता और आत्मनिर्भरता का संदेश

जन शिक्षण संस्थान में ध्वजारोहण, स्वच्छता शपथ और जागरूकता अभियान के साथ मनाया गया राष्ट्रीय पर्व

संवाददाता
उरई/जालौन

उरई। जन शिक्षण संस्थान में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान की अध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि श्रीमती अर्चना सिंह ने ध्वजारोहण कर किया। इस दौरान संस्थान के अधिकारी, कर्मचारी, प्रशिक्षणार्थी एवं हितग्राही मौजूद रहे।

ध्वजारोहण के बाद श्रीमती अर्चना सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी का पूरा जीवन देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए समर्पित रहा। वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का ‘जय जवान-जय किसान’ का नारा भी देश को आत्मनिर्भर और मजबूत बनाने का संदेश देता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थायी लोक अदालत, उरई के न्यायिक सदस्य श्री रामबाबू निषाद ने की। उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों एवं हितग्राहियों को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए कहा कि स्वच्छ भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।

संस्थान के निदेशक श्री कन्हैयालाल वैश्य ने कहा कि महात्मा गांधी ने अहिंसा, स्वदेशी और चरखे के माध्यम से देशवासियों को आत्मनिर्भरता का संदेश दिया। आज आवश्यकता है कि उनके विचारों और जीवन मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात किया जाए। उन्होंने स्वच्छता को स्वस्थ एवं समृद्ध समाज की आधारशिला बताते हुए लोगों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर संस्थान के अधिकारियों, कर्मचारियों, प्रशिक्षणार्थियों एवं हितग्राहियों ने सामूहिक रूप से स्वच्छता का संकल्प लिया। ‘स्वच्छ भारत-विकसित भारत’, ‘स्वच्छता ही सेवा है’ और ‘हर नागरिक का हो यह सपना-स्वच्छ हो सम्पूर्ण भारत अपना’ जैसे नारों के साथ स्वच्छता अभियान चलाया गया।

कार्यक्रम के दौरान सम्मानित अतिथियों द्वारा संस्थान में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन संस्थान के निदेशक श्री कन्हैयालाल वैश्य ने किया। समापन पर कार्यक्रम अधिकारी श्री रंजीत सिंह ने अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

स्वच्छता कार्यक्रम का नेतृत्व सहायक कार्यक्रम अधिकारी सुश्री नसरीन बानो ने किया, जबकि प्रतिभागियों के पंजीकरण की जिम्मेदारी सुश्री सोनाली अग्निहोत्री ने संभाली। कार्यक्रम की गतिविधियों के छायाचित्र मु. शमीम अहमद के नेतृत्व में सत्येन्द्र द्वारा कैमरे में कैद किए गए।

कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्थान के अधिकारी-कर्मचारियों, सविता सहित अन्य सहयोगियों एवं प्रशिक्षणार्थियों का विशेष योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *