गांधी-शास्त्री जयंती पर पुलिस लाइन में गूंजा सत्य और कर्तव्य का संदेश

एसपी व एएसपी ने महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर किया नमन, पुलिसकर्मियों को दिलाई सत्य, अहिंसा और कर्तव्यनिष्ठा की शपथ

संवाददाता
उरई/जालौन

उरई। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को पुलिस लाइन उरई में श्रद्धा एवं गरिमापूर्ण वातावरण में कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक जालौन एवं अपर पुलिस अधीक्षक जालौन ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्य, अहिंसा, स्वच्छता एवं कर्तव्यनिष्ठा के मूल्यों को अपने जीवन और कार्यशैली में आत्मसात करने की शपथ दिलाई गई। पुलिस अधीक्षक जालौन ने पुलिसकर्मियों को महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों और सिद्धांतों से प्रेरणा लेकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि आमजन के प्रति संवेदनशील रहते हुए ईमानदारी, जनसेवा और कर्तव्यपरायणता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना भी है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से अपने दायित्वों को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों एवं विचारों को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *