कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने बच्चों का कराया अन्नप्राशन, उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व आशा बहुओं को किया सम्मानित
संवाददाता
कानपुर देहात
कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों पर आयोजित किए जा रहे तीन दिवसीय ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में मंगलवार को बच्चों के स्वस्थ एवं समग्र विकास का संदेश दिया गया। भोगनीपुर तहसील क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्र असेवा, हैदरापुर, शाहाबापुर सहित विभिन्न केंद्रों पर आयोजित कार्यक्रमों में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
बच्चों का कराया अन्नप्राशन, अभिभावकों से किया संवाद
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री ने बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया और उनके अभिभावकों से संवाद कर बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बचपन में मिलने वाला उचित पोषण, स्वास्थ्य देखभाल और अच्छे संस्कार बच्चों के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव तैयार करते हैं।
उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने तथा कुपोषण की रोकथाम के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य बच्चों और माताओं को आवश्यक स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
पोषण और स्वास्थ्य को लेकर किया जागरूक
आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के दौरान पोषण एवं स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभिभावकों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार, स्वच्छता, स्वास्थ्य देखभाल तथा बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
इसके साथ ही कुपोषण से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी लोगों को प्रेरित किया गया।
‘हेल्दी बेबी प्रतियोगिता’ रही आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम में आयोजित ‘हेल्दी बेबी प्रतियोगिता’ आकर्षण का केंद्र रही। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, उचित पोषण और संतुलित विकास को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। प्रतिभागी बच्चों और उनके अभिभावकों को स्वस्थ एवं पोषणयुक्त जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकर्ताओं का सम्मान
इस अवसर पर मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण और जनजागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा बहुओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं महिलाओं को कैबिनेट मंत्री ने प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। उनके योगदान की सराहना करते हुए आगे भी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
आंगनबाड़ी केंद्रों को मजबूत बनाने पर जोर
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, आशा बहुओं, लाभार्थियों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों को पोषण, स्वास्थ्य, बाल विकास और जनजागरूकता के प्रभावी केंद्र के रूप में मजबूत करना है, ताकि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंच सके।