निबंध प्रतियोगिता में छवि प्रजापति ने मारी बाजी

नदी, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता पर छात्रों ने रखे विचार, विजेताओं को प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित

संवाददाता
कानपुर देहात

कानपुर देहात। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत जिला गंगा समिति कानपुर देहात की ओर से फुलेश्वर महादेव इंटर कॉलेज, सरवनखेड़ा में ‘नदी, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और अपनी लेखनी के माध्यम से नदी संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा तथा स्वच्छता के महत्व पर विचार व्यक्त किए।

छवि प्रजापति ने हासिल किया प्रथम स्थान

जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन एवं प्रभागीय वनाधिकारी प्रोमिला के मार्गदर्शन में आयोजित प्रतियोगिता का नेतृत्व जिला गंगा समिति के जिला परियोजना अधिकारी विवेक कुमार सैनी ने किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए छवि प्रजापति ने प्रथम, अश्वनी प्रजापति ने द्वितीय और वैष्णवी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं अवनी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। विजेता छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

नदियों को प्रदूषण से बचाने का दिया संदेश

इस अवसर पर जिला परियोजना अधिकारी विवेक कुमार सैनी ने विद्यार्थियों को नदी और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नदियों में कूड़ा-कचरा, प्लास्टिक, घरेलू अपशिष्ट अथवा किसी भी प्रकार की प्रदूषित सामग्री नहीं डालनी चाहिए। नदी तटों को स्वच्छ रखना, अधिक से अधिक पौधरोपण करना और जल संरक्षण को बढ़ावा देना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि नदी संरक्षण किसी एक विभाग या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है। प्रशासन, स्थानीय निकाय, विद्यालय, ग्राम पंचायत, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों की सामूहिक भागीदारी से ही नदियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाया जा सकता है।

विद्यार्थियों को दिलाई स्वच्छता की शपथ

जिला परियोजना अधिकारी ने विद्यार्थियों से स्वयं स्वच्छता अपनाने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जल एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित छात्र-छात्राओं को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में विद्यालय की प्राचार्य मंजू सिंह, अध्यापक आशुतोष मिश्रा एवं जलज परियोजना सहायक रमा तिवारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *