जर्जर विद्युत तार दे रहे हादसे को दावत, शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

नीचे लटक रहे विद्युत तारों से लोगों में दहशत, बरसात में बढ़ा हादसे का खतरा

संवाददाता
कानपुर देहात

राजपुर। नगर पंचायत राजपुर के मुखर्जी नगर वार्ड में जर्जर और ढीले विद्युत तार लोगों के लिए गंभीर खतरे का कारण बने हुए हैं। मोहल्ले में कई स्थानों पर विद्युत तार काफी नीचे तक लटक रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों में किसी भी समय हादसा होने की आशंका बनी हुई है। बरसात के मौसम में तारों की यह स्थिति और अधिक चिंताजनक हो गई है।

शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समस्या का समाधान

स्थानीय निवासी दीपक मिश्रा, अनुपम तिवारी, दीपू वर्मा और रामू कटियार ने बताया कि मोहल्ले में जर्जर एवं नीचे लटक रहे विद्युत तारों की समस्या को लेकर संबंधित जेई को कई बार अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद अभी तक विद्युत तारों को दुरुस्त कराने के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।

लगातार बिगड़ रही तारों की स्थिति

मोहल्लेवासियों का कहना है कि विद्युत तारों की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। कई जगह तार नीचे लटक रहे हैं, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को परेशानी के साथ-साथ अनहोनी की आशंका भी बनी हुई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते तारों को ठीक नहीं कराया गया तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।

अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई की मांग

स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर जर्जर एवं ढीले विद्युत तारों को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है। मोहल्लेवासियों का कहना है कि समय रहते समस्या का समाधान होने से संभावित हादसे को टाला जा सकता है। लोगों ने विद्युत विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *