दो दिन में 85.2 मिमी बारिश, सीजन में 805 मिमी से अधिक वर्षा; जलभराव और खुले स्थानों से दूर रहने की अपील
संवाददाता / उरई-जालौन
भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा 25 से 27 सितंबर 2026 तक जनपद जालौन में बारिश के साथ गरज-चमक एवं वज्रपात की संभावना जताए जाने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मौसम की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी समीर ने जिलेवासियों से विशेष सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक जोखिम से बचने की अपील की है।
जनपद में पिछले दो दिनों के दौरान 85.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जबकि वर्तमान वर्षा ऋतु में अब तक 805 मिलीमीटर से अधिक बारिश हो चुकी है। प्रशासन के अनुसार यह वर्षा सामान्य औसत से अधिक है। लगातार बारिश और वज्रपात की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने तथा मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है।
तेज बारिश और वज्रपात में बरतें विशेष सावधानी
जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि तेज बारिश अथवा वज्रपात के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और यथासंभव सुरक्षित स्थान पर रहें। निचले इलाकों, जलभराव वाले रास्तों, नालों, नदी-नहरों और तालाबों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।
वज्रपात के समय खुले मैदान में खड़े होने, पेड़ों, बिजली के खंभों और टावरों के नीचे शरण लेने से बचने तथा किसी सुरक्षित पक्के भवन में रहने की अपील की गई है। नागरिकों से मौसम खराब होने के दौरान विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।
किसानों और वाहन चालकों को भी विशेष सावधानी
खराब मौसम के दौरान किसानों से खेतों में काम रोककर सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की गई है। साथ ही पशुओं को खुले स्थानों अथवा पेड़ों के नीचे न बांधने की सलाह दी गई है।
वाहन चालकों को भी बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। चालकों से गति नियंत्रित रखने, कम दृश्यता की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर वाहन रोकने तथा बहते पानी या जलभराव वाले मार्गों को पार न करने की हिदायत दी गई है।
आपदा से निपटने के लिए प्रशासन तैयार
जिलाधिकारी समीर ने संबंधित अधिकारियों को स्थानीय स्तर पर लगातार सतर्कता बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
नागरिकों से टूटे हुए विद्युत तारों से दूर रहने, बच्चों और बुजुर्गों की विशेष सुरक्षा करने तथा मौसम से संबंधित केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की गई है।
आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क
जिला प्रशासन ने आपदा की स्थिति में नागरिकों की सहायता के लिए संपर्क नंबर जारी किए हैं। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक जिला आपदा नियंत्रण कक्ष 05162-255518, टोल फ्री आपदा हेल्पलाइन 1077, पुलिस सहायता 112 तथा एम्बुलेंस सेवा 102/108 पर संपर्क कर सकते हैं।
प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें, अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित हेल्पलाइन से सहायता लें।