समाधान दिवस में सुनी जाएंगी जनता की समस्याएं, 3 अक्टूबर से होगी शुरुआत

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में अकबरपुर तहसील में लगेगा पहला जिला स्तरीय सम्पूर्ण समाधान दिवस

संवाददाता / कानपुर देहात

कानपुर देहात। जनसमस्याओं के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के उद्देश्य से जनपद कानपुर देहात में 3 अक्टूबर से 19 दिसंबर 2026 तक सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किए जाएंगे। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में जिला प्रशासन द्वारा तहसीलवार रोस्टर जारी कर दिया गया है। जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार ने इस संबंध में कार्यालय ज्ञाप जारी किया है।

जारी रोस्टर के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय शनिवार को किया जाएगा। इन जनसुनवाई कार्यक्रमों में आमजन अपनी शिकायतें एवं समस्याएं संबंधित अधिकारियों के समक्ष सीधे प्रस्तुत कर सकेंगे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उनका गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय-सीमा में निस्तारण सुनिश्चित करें।

3 अक्टूबर को चारों तहसीलों में लगेगा समाधान दिवस

जिला प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 3 अक्टूबर 2026 को जनपद की चारों तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया जाएगा।

इस दौरान अकबरपुर तहसील में जिलाधिकारी कपिल सिंह, भोगनीपुर में मुख्य विकास अधिकारी, डेरापुर में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) तथा मैथा में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करेंगे।

समाधान दिवस के दौरान पुलिस विभाग सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे, जिससे संबंधित विभाग से जुड़ी शिकायतों का मौके पर परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

इन तिथियों पर भी होगा आयोजन

3 अक्टूबर के बाद निर्धारित रोस्टर के अनुसार 17 अक्टूबर, 7 नवंबर, 21 नवंबर, 5 दिसंबर और 19 दिसंबर 2026 को भी विभिन्न तहसीलों में वरिष्ठ अधिकारियों की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किए जाएंगे।

इन कार्यक्रमों में राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, सिंचाई, समाज कल्याण, पंचायत सहित विभिन्न विभागों से संबंधित जनसमस्याओं को सुना जाएगा और संबंधित अधिकारियों को उनके निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

सार्वजनिक अवकाश होने पर अगले कार्यदिवस में होगा आयोजन

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित शनिवार को सार्वजनिक अवकाश पड़ता है तो उस स्थिति में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन अगले कार्यदिवस में किया जाएगा। संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं तहसील स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति भी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाएगी।

सुबह 10 बजे से होगी जनसुनवाई

सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर प्रातः 10 बजे उपस्थित होकर जनसुनवाई में भाग लें। अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का प्रभावी ढंग से परीक्षण करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने तथा शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन का उद्देश्य सम्पूर्ण समाधान दिवस के माध्यम से आमजन को अपनी समस्याएं एवं शिकायतें सीधे अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर उपलब्ध कराना है। साथ ही शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के जरिए लोगों को प्रभावी समाधान उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *