रेंढ़र पुलिस की कार्रवाई, छह माह के लिए जिला बदर था आरोपी; आदेश का उल्लंघन कर जनपद सीमा में मिला
संवाददाता
उरई/जालौन
उरई। वांछित एवं वारंटी अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रेंढ़र थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक जिलाबदर अभियुक्त को अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से 12 बोर का एक अवैध तमंचा और 12 बोर के दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन, कानपुर एवं पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक जालौन के पर्यवेक्षण में अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में वांछित एवं वारंटी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रेंढ़र थाना पुलिस गश्त एवं चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पवन सिंह गुर्जर पुत्र गोविन्द सिंह, निवासी ग्राम मानपुरा, थाना रेंढ़र, जनपद जालौन को अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार किया गया।
छह माह के लिए हुआ था जिला बदर
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त पवन सिंह गुर्जर को जिला प्रशासन द्वारा छह माह की अवधि के लिए जनपद जालौन से जिलाबदर किया गया था। पुलिस के मुताबिक जिला बदर आदेश का उल्लंघन करते हुए वह जनपद की सीमा के भीतर अवैध शस्त्र के साथ पाया गया।
मामले में पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ मु0अ0सं0 84/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट एवं धारा 10 उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की है।
आपराधिक इतिहास भी सामने आया
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी दर्ज है। उसके विरुद्ध थाना रेंढ़र में पूर्व में मु0अ0सं0 78/2016 धारा 323/325/504/506 भादवि, एनसीआर 25/16 धारा 323/504 भादवि, मु0अ0सं0 46/25 धारा 351(3)/70(1) बीएनएस एवं एससी/एसटी एक्ट, मु0अ0सं0 113/25 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट तथा मु0अ0सं0 52/26 धारा 10 उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम से संबंधित मामले दर्ज हैं।
पुलिस टीम ने की गिरफ्तारी
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी रेंढ़र सहित पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद अवैध तमंचे एवं कारतूस को कब्जे में लेकर मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की है।