गांधी जयंती की तैयारियों को लेकर डीएम ने की बैठक, अधिकारियों को दिए समयबद्ध व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश

2 अक्टूबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा, स्वच्छता और आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कराने पर जोर

संवाददाता / कानपुर देहात

कानपुर देहात। आगामी 2 अक्टूबर को मनाई जाने वाली गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रमों और व्यवस्थाओं को लेकर हुई समीक्षा

बैठक में गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों, साफ-सफाई, आवश्यक व्यवस्थाओं तथा संबंधित विभागों को सौंपे जाने वाले दायित्वों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं, ताकि गांधी जयंती के कार्यक्रमों का आयोजन सफल, सुव्यवस्थित और गरिमापूर्ण ढंग से कराया जा सके।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने तथा आयोजन के दौरान किसी प्रकार की कमी न रहने देने के निर्देश दिए।

गांधी जी के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर

जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि गांधी जयंती केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं है, बल्कि महात्मा गांधी के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता, अहिंसा, सामाजिक समरसता तथा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सिद्धांतों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाए।

उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचारों और उनके जीवन मूल्यों को विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से समाज तक पहुंचाने का प्रयास किया जाए, जिससे आमजन इनसे प्रेरणा ले सकें।

आपसी समन्वय के साथ दायित्व निभाने के निर्देश

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध तरीके से निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रम स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाओं को पहले से पूरा करने और आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को कहा।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. जयगोविंद, जिला विकास अधिकारी सुनील तिवारी, डीएफओ प्रोमिला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *