चार दिवसीय विशेष अभियान में 350 वाहनों की जांच, बिना रॉयल्टी और वैध परिवहन प्रपत्र के खनिज परिवहन करने वाले वाहनों पर हुई कार्रवाई
संवाददाता / कानपुर देहात
कानपुर देहात। निदेशक, भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ एवं जिलाधिकारी कानपुर देहात के निर्देशन में जनपद में अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। खान अधिकारी कानपुर देहात के नेतृत्व में 18 सितंबर से 22 सितंबर की सुबह तक चले चार दिवसीय अभियान के दौरान खनिज परिवहन करने वाले वाहनों की सघन जांच की गई।
350 वाहनों की हुई सघन जांच
अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 350 वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान बिना रॉयल्टी एवं वैध परिवहन प्रपत्र के खनिज परिवहन करने तथा निर्धारित क्षमता से अधिक भार लादकर चलने वाले वाहनों की जांच की गई।
जांच के दौरान 43 वाहन बिना रॉयल्टी के पाए गए। इन वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कुल 25 लाख 28 हजार 860 रुपये का जुर्माना ऑनलाइन अधिरोपित किया गया।
अवैध खनिज परिवहन पर लगातार जारी रहेगी कार्रवाई
खनन विभाग की कार्रवाई के बाद अवैध रूप से खनिजों के परिवहन में लगे वाहन संचालकों में हड़कंप की स्थिति रही। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया कि जनपद में अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जांच एवं प्रवर्तन की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
नियमों का पालन करने की अपील
अधिकारियों ने खनिज परिवहन से जुड़े वाहन संचालकों को नियमानुसार रॉयल्टी एवं वैध परिवहन प्रपत्र के साथ ही खनिजों का परिवहन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक भार न लादने की भी हिदायत दी गई है। विभाग ने नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही है।