भारत टैक्सी और कृषक समृद्धि योजना का भव्य शुभारंभ, किसानों को 6 लाख रुपये तक ऋण की सुविधा

जालौन डिस्ट्रिक्ट कोआपरेटिव बैंक में हुआ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण, जल शक्ति मंत्री ने किसानों को किया सम्मानित

संवाददाता / उरई/जालौन

उरई। सहकारिता क्षेत्र के माध्यम से किसानों एवं आमजन को नई सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा ‘भारत टैक्सी’ तथा उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक की ‘कृषक समृद्धि योजना’ का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जालौन डिस्ट्रिक्ट कोआपरेटिव बैंक लिमिटेड, उरई के पं. दीनदयाल सभागार में कार्यक्रम का लाइव प्रसारण एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया गया।

कृषक समृद्धि योजना के तहत किसानों को 6 लाख रुपये तक का ऋण 6 प्रतिशत ब्याज दर पर उपलब्ध कराने की सुविधा का शुभारंभ किया गया। योजना को किसानों की आर्थिक आवश्यकताओं को पूरा करने तथा उन्हें सहकारी बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से सहकारी समितियों के अध्यक्ष, संचालक, सचिव, शाखा प्रबंधक तथा जालौन डिस्ट्रिक्ट कोआपरेटिव बैंक के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान योजना से संबंधित जानकारी भी उपस्थित लोगों के साथ साझा की गई।

किसानों को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने जनपद के कृषक बंधुओं को माल्यार्पण कर एवं अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। सम्मानित किसानों में दिनेश तिवारी रिनियां, आनंद कुमार वर्मा मड़ोरा, दीपा देवी पत्नी चरन सिंह खडूसा, राम प्यारे तिवारी दिरावटी समिति, अनुरुद्ध पटेल गढ़र तथा उदयवीर सिंह गुर्जर पैदलपुर हरदोई राजा आदि शामिल रहे।

इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री भानु प्रताप सिंह वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित, जे.डी.सी. बैंक के सभापति ब्रजभूषण सिंह, उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के संचालक जगदीश तिवारी एवं विशाल सिंह सेंगर, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि विजय चौधरी, मंत्री प्रतिनिधि अरविंद सिंह चौहान, उपेंद्र राजावत, हरेंद्र विक्रम सिंह सहित बैंक संचालक मंडल के सदस्य मौजूद रहे।

अधिकारियों एवं बैंक कर्मियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में जिलाधिकारी समीर, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी कुमुदेन्द्र कलाकर सिंह, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक शिवकुमार, जे.डी.सी. बैंक के सीईओ डा. भानु प्रताप सिंह, एडीसीओ समरजीत सिंह सहित सहकारी विभाग एवं बैंक के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

सहकारिता के माध्यम से किसानों को मजबूत करने पर जोर

अपने संबोधन में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनहित एवं कृषक हित से जुड़ी नीतियों और योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सहकारिता के माध्यम से किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत करने तथा उन्हें ऋण एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में योजनाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित किसानों एवं सहकारी क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों को योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।

युद्धवीर सिंह ने किया संचालन, सीईओ ने जताया आभार

कार्यक्रम का संचालन बैंक संचालक मंडल के सदस्य युद्धवीर सिंह कंथरिया ने किया। कार्यक्रम के अंत में जे.डी.सी. बैंक लिमिटेड के सीईओ डा. भानु प्रताप सिंह ने कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों, किसान भाइयों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *