मंत्री आशीष पटेल का कानपुर देहात आगमन, गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा पर जोर

पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में हुआ स्वागत, प्राविधिक शिक्षा संस्थानों के प्रधानाचार्यों एवं अधिकारियों के साथ की बैठक

संवाददाता / कानपुर देहात

कानपुर देहात। प्रदेश सरकार के प्राविधिक शिक्षा एवं उपभोक्ता मामले विभाग के मंत्री आशीष पटेल बुधवार को कानपुर देहात पहुंचे। जनपद आगमन पर पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस (सर्किट हाउस माती) में जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। जिलाधिकारी कपिल सिंह ने भी मंत्री आशीष पटेल का पुष्पगुच्छ देकर अभिनंदन किया।

इस दौरान जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित विभिन्न विकास कार्यों एवं विभागीय गतिविधियों से संबंधित जानकारी मंत्री को दी। प्रोटोकॉल के तहत आयोजित बैठक में राजकीय पॉलिटेक्निक सिकंदरा, एमएमआईटी अकबरपुर तथा घाटमपुर सहित प्राविधिक शिक्षा विभाग से जुड़े संस्थानों के प्रधानाचार्य, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश

बैठक में मंत्री आशीष पटेल ने प्राविधिक शिक्षा संस्थानों के प्रधानाचार्यों एवं अधिकारियों से संवाद करते हुए विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संस्थानों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ बेहतर शैक्षणिक एवं मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।

उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा। मंत्री ने निर्देश दिए कि विभागीय कार्यों के निष्पादन में किसी प्रकार की समस्या अथवा कठिनाई सामने आने पर उसे समयबद्ध ढंग से उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाया जाए, ताकि उसका शीघ्र समाधान कराया जा सके।

बाट-माप विभाग के अधिकारियों ने भी किया प्रतिभाग

बैठक में बाट-माप विभाग के अधिकारियों ने भी प्रतिभाग किया। अधिकारियों ने विभागीय कार्यों एवं व्यवस्थाओं से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की। मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनहितकारी योजनाओं एवं सेवाओं का प्रभावी ढंग से संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जिला प्रशासन, प्राविधिक शिक्षा विभाग, बाट-माप विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *