राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने किया दीप प्रज्वलन और वृक्षारोपण, स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान
संवाददाता / कानपुर देहात
कानपुर देहात। सेवा संकल्प अभियान के तहत 11वें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर बुधवार को 50 शैय्या आयुष एकीकृत चिकित्सालय, बनार अलीपुर, अकबरपुर में आयुर्वेद विभाग की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान चिकित्सा शिविर, संगोष्ठी, नाड़ी परीक्षण, प्रकृति परीक्षण और वृक्षारोपण सहित कई गतिविधियां आयोजित की गईं।
राज्यमंत्री ने किया धन्वंतरि पूजन और वृक्षारोपण
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार की महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने भगवान धन्वंतरि का पूजन एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने चिकित्सालय परिसर में वृक्षारोपण किया।
अपने संबोधन में राज्यमंत्री ने आयुर्वेद को भारतीय ज्ञान परंपरा की महत्वपूर्ण धरोहर बताते हुए कहा कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और रोगों की रोकथाम में आयुर्वेद की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को आयुर्वेद से जोड़ने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने पर जोर दिया।
‘स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद’ रही इस वर्ष की थीम
आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशों के क्रम में आयोजित कार्यक्रम की इस वर्ष की थीम “स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद” रही। जिला प्रशासन के निर्देश तथा क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. कप्तान सिंह के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लोगों को आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के महत्व, स्वस्थ जीवनशैली तथा निवारक स्वास्थ्य देखभाल के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बताया कि आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भी जागरूकता एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां आयोजित की गईं। 11 और 18 सितंबर को खंड स्तर पर आयोजित ग्राम चौपालों में चिकित्सा शिविर लगाए गए। इन शिविरों में ग्रामीणों को संतुलित आहार, दिनचर्या, ऋतुचर्या, योग, हेल्दी एजिंग तथा जीवनशैली से जुड़े रोगों की रोकथाम के संबंध में जानकारी दी गई।
वहीं 19 सितंबर को औषधीय पौधों का रोपण कर आयुष वाटिकाओं का विकास किया गया।
नाड़ी और प्रकृति परीक्षण के साथ हुआ चिकित्सा शिविर
50 शैय्या आयुष एकीकृत चिकित्सालय में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. बृजेश आर्य के मार्गदर्शन में मुख्य कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें संगोष्ठी एवं सेमिनार के साथ नाड़ी परीक्षण और प्रकृति परीक्षण किया गया। चिकित्सा शिविर में पहुंचे लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया गया।
इसके अलावा विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों के लिए निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
चिकित्सकों एवं स्टाफ की रही मौजूदगी
इस अवसर पर नोडल अधिकारी डॉ. अमर सिंह, डॉ. आफताब आलम, डॉ. उमेश, डॉ. रविंद्र सिंह, डॉ. पवन सिंह, डॉ. नीलेंद्र, डॉ. रवि कुशवाह, डॉ. रोहणी सिंह, डॉ. आरती यादव, डॉ. अर्चना सरोज, फार्मासिस्ट विजयी प्रसाद सहित चिकित्सालय का स्टाफ एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।