83 वाहनों के चालान, एक वाहन सीज; 6.35 लाख रुपये का शमन शुल्क वसूला
संवाददाता / कानपुर देहात
कानपुर देहात। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस एवं थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने 20/21 सितंबर की रात जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अपर पुलिस महानिदेशक यातायात, उत्तर प्रदेश के निर्देश तथा पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
चेकिंग के दौरान पुलिस टीमों ने संदिग्ध वाहनों को रोककर उनके साइलेंसर, हॉर्न और नंबर प्लेट की जांच की। इसके साथ ही वाहन चालकों की ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से जांच कर शराब के नशे में वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने मोडिफाई साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, फाल्टी नंबर प्लेट सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को चिह्नित किया।
83 वाहनों के चालान, एक वाहन सीज
पुलिस के अनुसार विशेष चेकिंग अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 83 वाहनों के चालान किए गए, जबकि एक वाहन को सीज किया गया। कार्रवाई के दौरान उल्लंघनकर्ताओं से कुल 6 लाख 35 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूल किया गया।
संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत विधिक कार्रवाई की गई। पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ सड़क पर सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना रहा।
आकस्मिक चेकिंग अभियान आगे भी रहेगा जारी
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि सड़क सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए इस प्रकार के आकस्मिक चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
जनपद पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि शराब अथवा किसी अन्य नशीले पदार्थ का सेवन कर वाहन न चलाएं। वाहनों में अवैध रूप से मोडिफाई साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न एवं हूटर का प्रयोग न करें तथा अपनी और अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें।