फरियादियों को न्याय का भरोसा, शिकायतों के प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के दिए निर्देश
संवाददाता / कानपुर देहात
कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने सोमवार को अपने कार्यालय में जनसुनवाई कर विभिन्न समस्याओं को लेकर पहुंचे फरियादियों एवं पीड़ितों की शिकायतें गंभीरता से सुनीं। इस दौरान फरियादियों को सम्मानपूर्वक बैठाकर उनकी समस्याओं को समझा गया और संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया।
पुलिस अधीक्षक ने फरियादियों के प्रार्थना पत्रों का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण में न्यायपूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए उनका प्रभावी निस्तारण कराया जाए।
शिकायतों के समाधान में लापरवाही न बरतने के निर्देश
एसपी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि फरियादियों की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। शिकायतों की गंभीरता के अनुसार आवश्यक जांच एवं कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए पीड़ितों को समय से राहत उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त प्रार्थना पत्रों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि फरियादियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इसी क्रम में जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारीगण ने भी अपने-अपने कार्यालयों में जनसुनवाई की। क्षेत्राधिकारियों ने फरियादियों एवं पीड़ितों की समस्याएं सुनकर संबंधित मामलों में न्यायोचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया तथा अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनसुनवाई के माध्यम से पुलिस अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए शिकायतों के नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया।