ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में शहीद हुए पुलिसकर्मियों के परिवारों की सहायता के लिए एक दिन का वेतन किया समर्पित
संवाददाता / उरई-जालौन
ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में शहीद हुए जनपद जालौन में नियुक्त पुलिसकर्मियों के परिजनों की सहायता के लिए पुलिस परिवार आगे आया। जनपद में नियुक्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वेच्छा से अपने एक दिन के वेतन से धनराशि एकत्र कर शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की। पुलिस अधीक्षक जालौन द्वारा 18 सितंबर 2026 को सहायता राशि के चेक परिजनों को सौंपे गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद जालौन में नियुक्त उपनिरीक्षक सत्यभान सिंह (कोतवाली उरई), उपनिरीक्षक मोहित कुमार यादव (कोतवाली उरई), आरक्षी अशोक कुमार (कोतवाली उरई) तथा आरक्षी प्रदीप कुमार (सर्विलांस सेल) की 5 मई 2026 को ड्यूटी के दौरान हरियाणा के जनपद नूंह में सड़क दुर्घटना हो गई थी। हादसे में चारों पुलिसकर्मियों की मृत्यु हो गई थी।
एक दिन के वेतन से जुटाई सहायता राशि
शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए जनपद में नियुक्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वेच्छा से अपने एक दिन के वेतन से आर्थिक सहायता राशि एकत्र की। इस पहल के माध्यम से शहीद साथियों के परिवारों को आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया गया।
18 सितंबर को पुलिस अधीक्षक जालौन ने शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को सहायता राशि के चेक प्रदान किए। इस दौरान उपनिरीक्षक सत्यभान सिंह एवं आरक्षी अशोक कुमार के परिजनों को कुल 11 लाख 41 हजार 500 रुपये की आर्थिक सहायता के चेक प्रदान किए गए।
यह सहायता राशि उपनिरीक्षक सत्यभान सिंह की पत्नी तथा आरक्षी अशोक कुमार की माता को प्रदान की गई।
शहीद परिवारों के साथ खड़ा है पुलिस परिवार
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक जालौन ने शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले पुलिसकर्मी पुलिस परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं और उनके परिवारों के साथ पुलिस परिवार हमेशा खड़ा है।
उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा स्वेच्छा से अपने एक दिन के वेतन से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना शहीद साथियों के प्रति सम्मान, संवेदना और सहयोग की भावना को दर्शाता है। पुलिस परिवार की ओर से शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिया गया।