बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों के गड्ढे भरने की बनी कार्ययोजना, सोमवार से शुरू होगा विशेष अभियान

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा कर डीएम ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश, 159 मार्गों पर 553.220 किलोमीटर सड़क होगी गड्ढामुक्त

संवाददाता / उरई-जालौन

बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हुए सड़क मार्गों को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने गड्ढामुक्ति अभियान की तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी समीर ने कलेक्ट्रेट सभागार में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद में बारिश के कारण सड़कों पर हुए गड्ढों और उनकी मरम्मत की कार्ययोजना की समीक्षा की।

बैठक के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंताओं ने अपने-अपने खंडों के अंतर्गत आने वाले मार्गों की गड्ढामुक्ति कार्ययोजना जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत की। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि चिन्हित सड़क मार्गों पर गड्ढों की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए। साथ ही उन्होंने कार्य की गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

159 मार्गों पर 553.220 किलोमीटर सड़क होगी गड्ढामुक्त

प्रस्तुत कार्ययोजना के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद के कुल 159 मार्गों की 553.220 किलोमीटर लंबाई में गड्ढामुक्ति का कार्य प्रस्तावित किया गया है।

इसमें लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड, उरई के अंतर्गत 47 मार्गों पर 189.26 किलोमीटर, निर्माण खंड-1, उरई के अंतर्गत 39 मार्गों पर 150 किलोमीटर तथा निर्माण खंड-3, उरई के अंतर्गत 73 मार्गों पर 213.96 किलोमीटर सड़क को गड्ढामुक्त किया जाना प्रस्तावित है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चिन्हित मार्गों पर कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप शीघ्र शुरू कराया जाए और अभियान की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण क्षतिग्रस्त सड़क मार्गों को जल्द से जल्द सुगम एवं सुरक्षित बनाने के लिए संबंधित विभाग पूरी गंभीरता के साथ कार्य करें।

सोमवार से शुरू होगा गड्ढामुक्ति अभियान

बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि प्रस्तावित कार्यों के लिए अनुबंध गठित किए जा चुके हैं और सोमवार से गड्ढामुक्ति अभियान शुरू कर दिया जाएगा।

जिलाधिकारी ने अभियान के दौरान सड़क मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य कराते हुए समय-समय पर इसकी प्रगति की समीक्षा की जाए, ताकि आमजन को क्षतिग्रस्त सड़कों से जल्द राहत मिल सके।

बैठक में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अमित सक्सेना, सुनील, महेंद्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *