परिवहन विभाग की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में जालौन का शानदार प्रदर्शन

प्रशमन शुल्क वसूली में एआरटीओ प्रवर्तन राजेश कुमार ने मासिक एवं क्रमिक लक्ष्य में हासिल किया प्रथम स्थान

संवाददाता / उरई-जालौन

उरई, 10 सितंबर 2026। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के निर्देशन एवं कुशल मार्गदर्शन तथा ज्वाइंट टीम के सहयोग से जनपद जालौन के परिवहन विभाग ने प्रशमन शुल्क की वसूली में प्रदेश स्तर पर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। परिवहन विभाग की प्रदेश स्तरीय श्रेणीकरण सूची में जनपद के अधिकारियों ने बेहतर स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार राजेश कुमार, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), जनपद जालौन द्वारा माह अगस्त 2026 में प्रशमन शुल्क के निर्धारित मासिक लक्ष्य 36.00 लाख रुपये के सापेक्ष 51.27 लाख रुपये की प्राप्ति की गई। इसी प्रकार क्रमिक लक्ष्य 180.00 लाख रुपये के सापेक्ष 256.70 लाख रुपये की वसूली की गई।

इस प्रदर्शन के आधार पर परिवहन विभाग की प्रदेश स्तरीय श्रेणीकरण सूची में एआरटीओ प्रवर्तन राजेश कुमार ने मासिक एवं क्रमिक दोनों श्रेणियों में प्रथम स्थान हासिल किया है।

यात्रीकर/मालकर अधिकारी ने भी हासिल की बेहतर रैंकिंग

इसी प्रकार आनन्द राय कुरील, यात्रीकर/मालकर अधिकारी, जनपद जालौन ने भी प्रशमन शुल्क की वसूली में बेहतर प्रदर्शन किया है। उनके द्वारा अगस्त 2026 के निर्धारित मासिक लक्ष्य 30.00 लाख रुपये के सापेक्ष 37.46 लाख रुपये की प्राप्ति की गई।

वहीं क्रमिक लक्ष्य 150.00 लाख रुपये के सापेक्ष 177.08 लाख रुपये की प्राप्ति की गई। प्रदेश स्तरीय श्रेणीकरण सूची में आनन्द राय कुरील ने मासिक लक्ष्य के सापेक्ष प्रशमन शुल्क की प्राप्ति में द्वितीय स्थान तथा क्रमिक लक्ष्य के सापेक्ष प्रशमन शुल्क की प्राप्ति में पांचवां स्थान हासिल किया।

परिवहन विभाग के अधिकारियों के इस प्रदर्शन को जिले में प्रवर्तन एवं राजस्व वसूली के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में परिवहन विभाग तथा संयुक्त टीम द्वारा की जा रही कार्रवाई एवं प्रभावी प्रवर्तन के चलते प्रशमन शुल्क की वसूली में जनपद जालौन ने प्रदेश स्तर पर बेहतर प्रदर्शन किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *