टूलकिट वितरण योजना के तहत कानपुर देहात में 12 अतिरिक्त मशीनों का होगा निःशुल्क वितरण
संवाददाता / कानपुर देहात
कानपुर देहात। आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत स्वरोजगार को बढ़ावा देने और पारंपरिक कारीगरों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, लखनऊ द्वारा संचालित टूलकिट वितरण योजना के अंतर्गत जनपद के पात्र कारीगरों को निःशुल्क मोटराइज्ड दोना-पत्तल मेकिंग मशीन उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी कानपुर देहात अखिलेश कुमार अग्निहोत्री ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जनपद कानपुर देहात में 12 अतिरिक्त लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। इसके तहत पात्र लाभार्थियों को मोटराइज्ड दोना-पत्तल मेकिंग मशीन का निःशुल्क वितरण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत दोना-पत्तल निर्माण कार्य से जुड़े पारंपरिक कारीगरों के साथ-साथ इस उद्योग में रुचि रखने वाले अन्य पात्र व्यक्तियों का चयन निर्धारित चयन समिति के माध्यम से किया जाएगा। योजना का उद्देश्य कारीगरों को आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ना और उनकी आय के अवसर बढ़ाना है।
ऑनलाइन आवेदन के बाद कार्यालय में जमा करनी होगी प्रति
इच्छुक पात्र लाभार्थी उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए वेबसाइट पर उपलब्ध “ऑनलाइन टूलकिट्स पंजीकरण एवं आवंटन” विकल्प का चयन कर पंजीकरण करना होगा।
ऑनलाइन पंजीकरण के बाद आवेदन पत्र की प्रति आवश्यक अभिलेखों के साथ 20 सितंबर 2026 तक किसी भी कार्यदिवस में कार्यालय जिला ग्रामोद्योग अधिकारी, चिटिकपुर, रनियां, कानपुर देहात में जमा करनी होगी।
18 से 50 वर्ष तक के कारीगर कर सकते हैं आवेदन
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने बताया कि योजना के लिए आवेदक की आयु 18 वर्ष से 50 वर्ष के बीच होनी चाहिए। साथ ही आवेदक संबंधित उद्योग का परंपरागत कारीगर होना चाहिए। आवेदन के साथ आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, जाति प्रमाण-पत्र, राशन कार्ड, शैक्षिक योग्यता प्रमाण-पत्र एवं बैंक पासबुक की प्रति संलग्न करना अनिवार्य होगा।
संबंधित क्षेत्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके आवेदकों को चयन प्रक्रिया में वरीयता प्रदान की जाएगी। लाभार्थियों का चयन निर्धारित प्रक्रिया एवं चयन समिति के माध्यम से किया जाएगा।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी अखिलेश कुमार अग्निहोत्री ने जनपद के सभी पात्र कारीगरों एवं स्वरोजगार शुरू करने के इच्छुक व्यक्तियों से अपील की है कि वे निर्धारित समयसीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर आवेदन पत्र की प्रति संबंधित कार्यालय में जमा करें और योजना के तहत मिलने वाली निःशुल्क मोटराइज्ड दोना-पत्तल मशीन का लाभ उठाकर स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाएं।