17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक चलेगा “सेवा संकल्प अभियान”

डीएम कपिल सिंह ने अधिकारियों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं गरिमापूर्ण आयोजन के दिए निर्देश

संवाददाता / कानपुर देहात

कानपुर देहात। आगामी 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक जनपद में आयोजित होने वाले “सेवा संकल्प अभियान” को सफल, सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल सहित जनपद स्तरीय अधिकारियों, समस्त उप जिलाधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों तथा कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि “सेवा संकल्प अभियान” का मुख्य उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से सेवा, सुशासन एवं सामाजिक सरोकारों की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को शासन द्वारा निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि निर्धारित तिथि एवं स्थान पर कार्यक्रमों का आयोजन स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता के साथ गरिमापूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनभागीदारी कराने, पात्र लाभार्थियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने तथा प्रत्येक गतिविधि की फोटो एवं वीडियो कवरेज कराकर निर्धारित माध्यम से जनपद स्तर पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शासन के निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करते हुए कार्यक्रमों की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।

शुक्ल तालाब पर होगा “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम

बैठक में बताया गया कि अभियान की शुरुआत 17 सितम्बर को “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम से होगी। इसका जनपद स्तरीय आयोजन शुक्ल तालाब पर किया जाएगा। यहां शाम 7 बजे माननीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आमजन की सहभागिता से दीप प्रज्ज्वलित किया जाएगा। इसी दिन रक्तदान शिविर एवं दिव्यांगजन कल्याण शिविर का भी आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा विकासखंडों, नगर निकायों एवं ग्राम पंचायतों में भी “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

विद्यालयों में होंगी चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं

अभियान के तहत 17 सितम्बर से 7 अक्टूबर के बीच “मेरे सपनों का भारतः चित्र सेवा” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत जनपद के विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित कराई जाएंगी।

इसी प्रकार “नवों सेवाः अनकहीं कहानियां” कार्यक्रम के तहत नगर निकायों, विकासखंडों एवं ग्राम पंचायतों में नुक्कड़ नाटक, बदलाव की कहानी सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय उत्सव

“आंगन मिलन सेवा” कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर तीन दिवसीय उत्सव एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं “सेवा की कहानी” के माध्यम से शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं से नागरिकों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की प्रेरक कहानियों को सामने लाया जाएगा।

अभियान के दौरान “सेवा ज्योति कलश यात्रा” तथा “विकसित भारत का संकल्प” के तहत साइकिल रैली, बाइक रैली एवं पैदल रैली जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही अखंड ज्योति की स्थापना भी की जाएगी।

स्वच्छता, वृक्षारोपण एवं रक्तदान में देंगे योगदान

“सेवा मेरा योगदान” कार्यक्रम के अंतर्गत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनसहभागिता के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में योगदान देने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें स्वच्छता अभियान, नदी एवं घाटों की सफाई, सघन वृक्षारोपण, रक्तदान सहित अन्य जनहितकारी गतिविधियां शामिल हैं।

इसी क्रम में “सेवा के रंग, राष्ट्र के संग” कार्यक्रम के अंतर्गत वृहद स्तर पर रंगोली निर्माण कराया जाएगा। वहीं “सेवा सेतु अभियान” के तहत प्रत्येक विकासखंड में सात दिवसीय सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में आमजन को केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से लाभान्वित किए जाने की कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा “सुशासन सेवा संवाद” और “सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज” सहित विभिन्न जनकल्याणकारी, जनजागरूकता एवं जनसहभागिता आधारित कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

जनप्रतिनिधियों और आमजन की भागीदारी पर जोर

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के सभी कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों तथा आमजन की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि “सेवा संकल्प अभियान” का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यक्रम का पूर्व निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को कार्यक्रमों की नियमित मॉनिटरिंग करने, निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण करने तथा आयोजन के बाद संबंधित गतिविधियों की रिपोर्ट एवं फोटो-वीडियो सामग्री जनपद स्तर पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. जयगोविन्द, जिला विकास अधिकारी सुनील तिवारी सहित समस्त संबंधित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *