उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन की जिला कार्यकारी समिति की बैठक आयोजित

रोजगार सृजन और युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर हुई विस्तृत चर्चा

संवाददाता / कानपुर देहात

कानपुर देहात। युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा जनपद में रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला कार्यकारी समिति की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की उपस्थिति में यह बैठक कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार कक्ष में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ संपन्न हुई।

बैठक में रोजगार सृजन, युवाओं को अधिकाधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, रोजगार मेलों के आयोजन तथा उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों द्वारा मिशन के तहत किए जा रहे प्रयासों एवं रोजगार संबंधी गतिविधियों की जानकारी भी बैठक में साझा की गई।

जिलाधिकारी कपिल सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप युवाओं को उनकी शैक्षिक योग्यता, कौशल एवं रुचि के अनुसार रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए विभागों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं तक योजनाओं एवं अवसरों की जानकारी पहुंचाने के लिए प्रभावी स्तर पर कार्य किया जाए, जिससे अधिक से अधिक युवा रोजगार के अवसरों का लाभ उठा सकें।

जिलाधिकारी ने रोजगार मेलों का नियमित आयोजन कराने तथा इनमें अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने रोजगार प्रदाता संस्थानों और अभ्यर्थियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश देते हुए कहा कि रोजगार मेलों के माध्यम से योग्य अभ्यर्थियों को उनकी क्षमता के अनुरूप अवसर उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए संबंधित विभाग अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें। साथ ही रोजगार से जुड़ी विभिन्न शासकीय योजनाओं, कार्यक्रमों एवं अवसरों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के अधिक से अधिक युवाओं तक इसकी जानकारी पहुंच सके।

बैठक में रोजगार सृजन से जुड़े विभागों के बीच बेहतर तालमेल, युवाओं को रोजगार से जोड़ने तथा मिशन की गतिविधियों को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जय गोविंद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *