राजकीय विद्यालयों में विद्युत एवं पुस्तकालय सुविधाओं का विस्तार, विद्यार्थियों को मिल रहा बेहतर शैक्षिक वातावरण

डीएम की पहल से सरसेला, अजितापुर और छोट के राजकीय हाईस्कूलों में विद्युत कनेक्शन, लामापुरा में पुस्तकालय सुविधा का कार्य शुरू

संवाददाता
उरई/जालौन

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जालौन खनिज फाउंडेशन न्यास की शासी परिषद एवं प्रबंध समिति की बैठकों में लिए गए निर्णयों के क्रम में जनपद के राजकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। इन प्रयासों से विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षिक वातावरण तैयार हो रहा है।

जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित ने बताया कि राजकीय हाईस्कूल सरसेला, अजितापुर एवं छोट में विद्युत कनेक्शन सहित अन्य आवश्यक कार्यों के लिए 5,68,270 रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई थी। कार्य पूर्ण होने के बाद इन विद्यालयों में विद्युत सुविधा उपलब्ध हो गई है। इससे छात्र-छात्राओं को पर्याप्त रोशनी, गर्मी के मौसम में पंखे तथा स्वच्छ पेयजल जैसी आवश्यक सुविधाओं का बेहतर लाभ मिल रहा है।

विद्यालयों में विद्युत सुविधा उपलब्ध होने से अध्ययन का वातावरण अधिक अनुकूल हुआ है। इससे विद्यार्थियों की शैक्षिक गतिविधियों, उपस्थिति एवं सीखने की प्रक्रिया को भी सकारात्मक बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

इसी क्रम में राजकीय हाईस्कूल लामापुरा में हाईटेंशन लाइन के विद्युत पोल की शिफ्टिंग के लिए 1,36,509 रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई थी। विद्युत पोल शिफ्टिंग का कार्य पूर्ण होने के बाद विद्यालय में पुस्तकालय निर्माण का कार्य शुरू हो गया है।

पुस्तकालय की सुविधा उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम की पुस्तकों के साथ-साथ ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी पुस्तकों के अध्ययन का अवसर मिलेगा। इससे बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित होने के साथ उनकी शब्दावली, सामान्य ज्ञान, बौद्धिक क्षमता एवं रचनात्मक सोच को बढ़ावा मिलेगा।

इन सुविधाओं के विस्तार से जनपद के राजकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में सकारात्मक कदम उठाया गया है। विद्युत एवं पुस्तकालय जैसी मूलभूत सुविधाएं विद्यार्थियों को सीखने के बेहतर अवसर प्रदान करने के साथ ही उनके आत्मविश्वास, ज्ञान एवं व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *