संवाददाता
कानपुर देहात
जनपद कानपुर देहात में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं पीड़ितों की धनराशि वापस कराने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में थाना शिवली पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क द्वारा सराहनीय कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार शिकायतकर्ता की ₹10,000 की सम्पूर्ण धनराशि वापस करा दी गई।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता प्रदीप अवस्थी पुत्र राजेन्द्र अवस्थी, निवासी ग्राम मारग मैथा, थाना शिवली, जनपद कानपुर देहात के पास एक साइबर ठग द्वारा रिश्तेदार बनकर फोन किया गया। ठग ने स्वयं को परेशानी में बताते हुए शिकायतकर्ता से सहायता के नाम पर कुल ₹10,000 की धनराशि ऑनलाइन ट्रांसफर करा ली थी। ठगी का एहसास होने के बाद शिकायतकर्ता द्वारा 11 दिसंबर 2025 को थाना शिवली स्थित साइबर हेल्प डेस्क पर शिकायत दर्ज कराई गई।
शिकायत प्राप्त होने के बाद थाना शिवली की साइबर हेल्प डेस्क टीम द्वारा मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए संबंधित माध्यमों से धनराशि की वापसी के लिए लगातार प्रयास किए गए। पुलिस के प्रयासों के परिणामस्वरूप 20 अगस्त 2026 को शिकायतकर्ता के खाते में ठगी की गई सम्पूर्ण धनराशि ₹10,000 वापस करा दी गई।
धनराशि वापस मिलने पर शिकायतकर्ता ने थाना शिवली पुलिस एवं साइबर हेल्प डेस्क टीम का आभार व्यक्त किया।
वापस कराई गई धनराशि
₹10,000/-
साइबर अपराध से बचाव के लिए पुलिस की अपील
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल फोन खो जाने पर CEIR पोर्टल/संचार साथी के माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं। वहीं, ऑनलाइन धोखाधड़ी होने पर बिना देरी किए 1930 पर कॉल करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी अनजान व्यक्ति के फोन, लिंक, ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी अथवा ऑनलाइन भुगतान के अनुरोध पर बिना सत्यापन के विश्वास न करें। साइबर ठगी होने की स्थिति में तुरंत 1930 पर सूचना देकर धनराशि को सुरक्षित कराने का प्रयास करें।
धनराशि वापस कराने वाली थाना शिवली पुलिस टीम
- निरीक्षक श्री अमरेन्द्र बहादुर सिंह
- उ0नि0 सोमवीर सिंह
- कम्प्यूटर ऑपरेटर अतुल कुमार
- म0का0 1261 प्रीति सोनकर