संवाददाता
कानपुर देहात
मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के दौरान बाजारों, सार्वजनिक स्थानों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर पुलिस टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद किया तथा उन्हें अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी।
अभियान के दौरान सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन, साइबर अपराधों से बचाव तथा कानूनी अधिकारों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। पुलिस टीमों ने महिलाओं को किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न अथवा अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
महिलाओं एवं बालिकाओं को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया गया कि आवश्यकता पड़ने पर 181 महिला हेल्पलाइन, 1090 महिला शक्ति लाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 112 इमरजेंसी हेल्पलाइन तथा 1076 पर सहायता प्राप्त की जा सकती है।
इसके साथ ही महिलाओं को UPCOP ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं की जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने सोशल मीडिया एवं इंटरनेट के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया। इस दौरान फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल एवं फर्जी सोशल मीडिया खातों के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी से बचने के व्यावहारिक उपाय बताए गए। महिलाओं को सोशल मीडिया पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी, फोटो एवं अन्य संवेदनशील विवरण साझा करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई।
जागरूकता अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों के संबंध में भी जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने POCSO एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा साइबर अपराधों से संबंधित सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के महत्वपूर्ण प्रावधानों के बारे में बताया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
कानपुर देहात पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में चुप न रहें और तत्काल नजदीकी पुलिस थाने अथवा संबंधित हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें। पुलिस ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है और सभी के सहयोग से ही सुरक्षित, सम्मानजनक एवं सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।