सार्वजनिक स्थानों पर महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं कानूनी अधिकारों को लेकर चला जागरूकता अभियान
कानपुर देहात। मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों द्वारा बाजारों, सार्वजनिक स्थानों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद किया गया। इस दौरान सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न प्रकार के अपराधों से बचाव, अपनी सुरक्षा के उपायों, कानूनी अधिकारों तथा किसी भी विपरीत परिस्थिति में पुलिस से सहायता प्राप्त करने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी
जागरूकता अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर 181 महिला हेल्पलाइन, 1090 महिला शक्ति लाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन हेल्पलाइन एवं 1076 सहित संबंधित सहायता सेवाओं का उपयोग किया जा सकता है।
महिलाओं को यह भी बताया गया कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, छेड़छाड़, घरेलू हिंसा अथवा अन्य अपराध की स्थिति में बिना किसी भय के तत्काल पुलिस से संपर्क करें।
साइबर अपराधों से बचाव के बताए उपाय
अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिस टीमों द्वारा फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल एवं फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी से बचने के लिए आवश्यक सावधानियां बताई गईं।
इसके साथ ही UPCOP ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं का लाभ लेने तथा ऑनलाइन माध्यम से होने वाले अपराधों की स्थिति में तत्काल शिकायत करने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई।
कानूनी अधिकारों के प्रति किया जागरूक
महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों एवं संरक्षण से संबंधित कानूनों की जानकारी भी दी गई। पुलिस टीमों ने POCSO अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा साइबर अपराधों से संबंधित सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के महत्वपूर्ण प्रावधानों के बारे में बताया।
महिलाओं को समझाया गया कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा या अपराध की स्थिति में चुप न रहें और तत्काल पुलिस अथवा संबंधित हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें।
सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन पर विशेष जोर
मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
कानपुर देहात पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में बिना किसी संकोच के तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा संबंधित हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें। पुलिस द्वारा प्राप्त शिकायत पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
कानपुर देहात पुलिस का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं सशक्त वातावरण उपलब्ध कराना है।