90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति क्विंटल किया गया लाभांश, विधानसभा क्षेत्रों में भी हुआ सजीव प्रसारण
कानपुर देहात। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आज लोक भवन, लखनऊ में प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं एवं अन्नपूर्णा भवन संचालकों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए उनके लाभांश को 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने की व्यवस्था का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी व्यवस्था के अंतर्गत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का भी शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर जनपद स्तर पर कलेक्ट्रेट परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्य मंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला, अन्य जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह, संबंधित विभागीय अधिकारी तथा उचित दर विक्रेता एवं अन्नपूर्णा भवन संचालक उपस्थित रहे। सभी ने लोक भवन, लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा एवं सुना।
लाभांश में 35 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी
कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री एवं जिलाधिकारी द्वारा बताया गया कि मुख्यमंत्री द्वारा उचित दर विक्रेताओं को खाद्यान्न वितरण के सापेक्ष मिलने वाले लाभांश को 90 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति क्विंटल करने की घोषणा की गई है। इससे उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में 35 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि हुई है।
उचित दर विक्रेताओं के संगठनों द्वारा लंबे समय से लाभांश बढ़ाए जाने की मांग की जा रही थी। प्रदेश सरकार द्वारा इस मांग को स्वीकार किए जाने से उचित दर विक्रेताओं को आर्थिक रूप से मजबूती मिलेगी। लाभांश में वृद्धि से उनकी आर्थिक स्थिति बेहतर होने के साथ ही सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत राशन वितरण कार्य को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने में भी सहायता मिलेगी।
अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण को भी दिया जा रहा बढ़ावा
राज्य मंत्री द्वारा बताया गया कि प्रदेश की उचित दर दुकानों को अन्नपूर्णा भवन के रूप में विकसित किए जाने के लिए भी बजट का प्रावधान किया गया है। इसी क्रम में जनपद कानपुर देहात में वित्तीय वर्ष 2023-24 में 30 तथा वित्तीय वर्ष 2025-26 में 06 अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण कार्य पूर्ण कराया जा चुका है। वहीं वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत 23 अन्य अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है।
अन्नपूर्णा भवनों के माध्यम से उचित दर विक्रेताओं को राशन वितरण के साथ-साथ अन्य आवश्यक सामग्री एवं सेवाओं से संबंधित कार्य करने का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी आय में अतिरिक्त वृद्धि हो सकेगी। प्रदेश सरकार द्वारा उचित दर विक्रेताओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उचित दर विक्रेताओं ने जताया मुख्यमंत्री के प्रति आभार
लाभांश में वृद्धि किए जाने के निर्णय पर जनपद के उचित दर विक्रेताओं एवं अन्नपूर्णा भवन संचालकों ने खुशी व्यक्त की। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि लाभांश बढ़ाए जाने से उन्हें आर्थिक रूप से मजबूती मिलेगी तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी।
विधानसभा क्षेत्रों में भी देखा गया सजीव प्रसारण
मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में भी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, उचित दर विक्रेताओं एवं अन्नपूर्णा भवन संचालकों की उपस्थिति में देखा एवं सुना गया।
विधानसभा भोगनीपुर के अंतर्गत नगर पालिका पुखरायां में कैबिनेट मंत्री श्री राकेश सचान की उपस्थिति में मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया। इस दौरान अन्य जनप्रतिनिधि, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, संबंधित अधिकारी तथा उचित दर विक्रेता एवं अन्नपूर्णा भवन संचालक उपस्थित रहे।
विधानसभा सिकंदरा के अंतर्गत तहसील सिकंदरा में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री अजीत सिंह पाल की उपस्थिति में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा एवं सुना गया। इस अवसर पर अन्य जनप्रतिनिधि, अपर जिलाधिकारी प्रशासन, संबंधित अधिकारी तथा उचित दर विक्रेता एवं अन्नपूर्णा भवन संचालक मौजूद रहे।
इसी प्रकार विधानसभा रसूलाबाद के अंतर्गत तहसील रसूलाबाद में विधायक श्रीमती पूनम शंखवार की उपस्थिति में मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा एवं सुना गया। कार्यक्रम में अन्य जनप्रतिनिधि, मुख्य विकास अधिकारी, संबंधित अधिकारी तथा उचित दर विक्रेता एवं अन्नपूर्णा भवन संचालक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपस्थित सभी उचित दर विक्रेताओं एवं अन्नपूर्णा भवन संचालकों ने प्रदेश सरकार द्वारा उनके हित में लिए गए इस महत्वपूर्ण निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
जनपद स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी, जिला पूर्ति अधिकारी अभिषेक कुरील सहित अन्य संबंधित अधिकारी, उचित दर विक्रेता एवं अन्नपूर्णा भवन संचालक उपस्थित रहे।