मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण में महिलाओं एवं बालिकाओं को किया गया जागरूक

कानपुर देहात। मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत सोमवार को पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं उनके कानूनी अधिकारों को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान बाजारों, सार्वजनिक स्थानों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। पुलिस टीमों ने उन्हें विभिन्न प्रकार के अपराधों से बचाव के उपायों, अपने अधिकारों तथा किसी भी विपरीत परिस्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त करने के तरीकों के बारे में विस्तार से बताया।

इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इनमें 181 महिला हेल्पलाइन, 1090 महिला शक्ति लाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन हेल्पलाइन एवं 1076 सहित अन्य महत्वपूर्ण सहायता सेवाएं शामिल हैं।

साइबर अपराधों से बचाव की दी जानकारी

अभियान के दौरान पुलिस टीमों द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को सोशल मीडिया एवं इंटरनेट के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया गया। फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल एवं फर्जी सोशल मीडिया खातों के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी से बचने के लिए आवश्यक सावधानियों के बारे में जानकारी दी गई।

इसके साथ ही UPCOP ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं का त्वरित लाभ लेने तथा किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई।

कानूनी अधिकारों के प्रति किया जागरूक

महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने POCSO अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा साइबर अपराधों से संबंधित सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के महत्वपूर्ण प्रावधानों के बारे में बताया।

महिलाओं को समझाया गया कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, साइबर अपराध अथवा अन्य आपराधिक घटना का सामना करने पर चुप न रहें और तत्काल पुलिस अथवा संबंधित हेल्पलाइन से संपर्क करें।

महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण पर पुलिस का विशेष जोर

मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जागरूकता अभियान लगातार संचालित किए जा रहे हैं। इन अभियानों का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर वातावरण उपलब्ध कराना है।

कानपुर देहात पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न अथवा अपराध की स्थिति में बिना किसी भय के तत्काल निकटतम पुलिस थाना या संबंधित हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें। पुलिस द्वारा उनकी शिकायत पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

कानपुर देहात पुलिस का संदेश है कि महिलाओं की सुरक्षा केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक प्राथमिकता है। महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए पुलिस एवं समाज के संयुक्त प्रयासों से ही एक सुरक्षित एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *