लाइन लॉस कम करने में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, 15 दिन में सुधार के निर्देश

हाई लाइन लॉस फीडरों पर चलेगा सघन अभियान, कटिया कनेक्शनों की जांच के साथ शत-प्रतिशत मीटरिंग पर जोर

संवाददाता | उरई/जालौन

उरई/जालौन। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए हाई लाइन लॉस वाले फीडरों पर प्रभावी कार्रवाई कर विद्युत लाइन लॉस में कमी लाने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए लाइन लॉस को निर्धारित मानकों के अनुरूप लाना प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने सरावन, करमेर रोड (गल्ला मंडी पोषक) एवं जालौन के हाई लाइन लॉस फीडरों की विशेष समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन क्षेत्रों के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर अभियान चलाया जाए तथा लाइन लॉस कम करने के लिए सभी आवश्यक कदम समयबद्ध तरीके से उठाए जाएं।

कटिया कनेक्शनों के विरुद्ध चलेगा सघन अभियान

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि हाई लाइन लॉस वाले क्षेत्रों में कटिया कनेक्शनों एवं विद्युत चोरी के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाया जाए। जांच के दौरान अनियमित अथवा अवैध विद्युत उपभोग पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि विद्युत चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाए बिना लाइन लॉस में वास्तविक कमी लाना संभव नहीं है। इसलिए जांच अभियान केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि चिन्हित क्षेत्रों में नियमित रूप से प्रभावी कार्रवाई की जाए।

घर-घर सर्वे कर पात्र उपभोक्ताओं को दिए जाएं कनेक्शन

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि हाउसहोल्ड के आधार पर विशेष विद्युत शिविर आयोजित किए जाएं। शिविरों के माध्यम से पात्र उपभोक्ताओं को नए विद्युत संयोजन उपलब्ध कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि लोग वैध विद्युत कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपयोग करें।

उन्होंने विद्युत शिविरों में उपभोक्ताओं की खराब अथवा त्रुटिपूर्ण विद्युत बिलों से संबंधित शिकायतों का तत्काल निस्तारण कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को बिल संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए शिविरों में ही उनकी शिकायतों का समाधान सुनिश्चित किया जाए।

अनमीटर्ड कनेक्शनों और खराब मीटरों की होगी शत-प्रतिशत मीटरिंग

जिलाधिकारी ने अनमीटर्ड विद्युत संयोजनों तथा खराब मीटरों को शत-प्रतिशत मीटरयुक्त किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर विद्युत मीटर खराब अथवा निष्क्रिय हैं, वहां तत्काल नए मीटर लगाए जाएं।

इसके साथ ही खराब विद्युत परिवर्तकों (ट्रांसफार्मरों) की जांच कराकर आवश्यकतानुसार उन्हें शीघ्र बदलने की कार्रवाई की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

15 दिन में दिखना चाहिए स्पष्ट सुधार

जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि तैयार की गई कार्ययोजना के प्रत्येक बिंदु का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आगामी 15 दिनों के भीतर हाई लाइन लॉस वाले फीडरों में स्पष्ट एवं प्रभावी सुधार दिखाई देना चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में नियमित भ्रमण करने तथा अभियान की वास्तविक स्थिति की मौके पर जाकर निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही अभियान की प्रभावी मॉनीटरिंग करते हुए प्रतिदिन की प्रगति पर नजर रखने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि विद्युत चोरी पर प्रभावी अंकुश, शत-प्रतिशत मीटरिंग, खराब मीटर एवं ट्रांसफार्मरों को समय से बदलना तथा उपभोक्ताओं की बिल संबंधी समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने से ही लाइन लॉस में प्रभावी कमी लाई जा सकती है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को समयबद्ध ढंग से संचालित करने तथा निर्धारित अवधि में अपेक्षित परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि लाइन लॉस कम करने के कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा उदासीनता पाए जाने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव राज, अधीक्षण अभियंता योगेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता जितेंद्र नाथ सहित विद्युत विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *