पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं एवं बैरकों का किया निरीक्षण, पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनकर दिए आवश्यक निर्देश
संवाददाता | उरई/जालौन
उरई/जालौन। मंगलवार को अपर पुलिस अधीक्षक जालौन द्वारा पुलिस लाइन उरई में आयोजित परेड की सलामी ली गई। परेड के दौरान पुलिसकर्मियों ने अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार परेड में सहभागिता की।
परेड की सलामी लेने के उपरांत अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं एवं बैरकों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस लाइन में उपलब्ध व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, अनुशासन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिसकर्मियों का अर्दली रूम किया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की जानकारी ली गई तथा उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को सुना गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पुलिसकर्मियों से जुड़े प्रकरणों का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने, साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा पुलिसकर्मियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आपसी समन्वय एवं अनुशासन बनाए रखने पर जोर दिया।
निरीक्षण एवं अर्दली रूम के दौरान संबंधित अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।