हर घर लहराए तिरंगा, हर संस्था में गूंजे वंदे मातरम्: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
संवाददाता
लखनऊ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अपने सरकारी आवास से ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत ‘तिरंगा यात्रा युवाओं के साथ’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। यह अभियान 9 से 17 अगस्त तक आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा भारत की शान, विकास, विरासत और देश की आन-बान-शान का प्रतीक है। देशभर में महान क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से विभिन्न तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने भारत माता की महान संतानों और संविधान निर्माताओं डॉ. राजेंद्र प्रसाद, बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर, भारत की एकता के शिल्पी लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल सहित अन्य वीर सपूतों को नमन किया। उन्होंने कहा कि इन महापुरुषों के त्याग और बलिदान के कारण ही देश को आजादी प्राप्त हुई।
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्र भारत की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों की स्मृतियों को भी श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति सर्वोच्च सम्मान की भावना को मजबूत करने का कार्य किया है। भारत में रहते हुए देश के प्रतीकों, महापुरुषों, राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का अपमान स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि यह वर्ष देश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर होंगे आयोजन
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में वंदे मातरम् का गायन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आज ही काकोरी ट्रेन एक्शन की 101वीं वर्षगांठ भी है। वर्ष 1925 में इसी दिन पंडित रामप्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह, अशफाक उल्ला खां और अन्य क्रांतिकारियों ने काकोरी ट्रेन एक्शन को अंजाम देकर ब्रिटिश हुकूमत की नींव हिला दी थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा यात्रा देश के उन सभी हुतात्माओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जिन्होंने राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘राष्ट्र प्रथम’ के मंत्र को आगे बढ़ाने का संकल्प भी इस अभियान के माध्यम से लिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा देश के प्रत्येक युवा के लिए प्रेरणा का स्रोत है। भारत का युवा प्रतिभा और ऊर्जा का प्रतीक है तथा उसमें देश के सामने आने वाली प्रत्येक चुनौती का सामना करने की क्षमता है। युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने और उन्हें उचित मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।
लखनऊ में 25 से 30 हजार युवा होंगे शामिल
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को अपने पारंपरिक पाठ्यक्रम के साथ-साथ देश और समाज के सामने मौजूद चुनौतियों का सामना करने के लिए भी स्वयं को तैयार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि प्रदेश की राजधानी लखनऊ में लगभग 25 हजार से 30 हजार युवा तिरंगा यात्रा में सहभागी बनेंगे।
काकोरी ट्रेन एक्शन ने देश को आजादी दिलाने का संकल्प मजबूत किया
काकोरी ट्रेन एक्शन की 101वीं वर्षगांठ के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश के क्रांतिकारियों का उद्देश्य एक ही था—भारत माता को गुलामी की बेड़ियों से आजाद कराना। जिन वीर क्रांतिकारियों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया, उनके संघर्ष और बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि काकोरी कांड कोई डकैती नहीं थी, बल्कि महान क्रांतिकारियों का उद्देश्य देश को आजादी दिलाना और अंग्रेजों को देश से भगाना था। अंग्रेजों ने इसे डकैती कहा, लेकिन आजादी के बाद भी इसे लेकर राजनीतिक मतभेद सामने आते रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘काकोरी ट्रेन एक्शन’ नाम देकर देश के महान क्रांतिकारियों को सम्मान दिया है।
उन्होंने कहा कि काकोरी ट्रेन एक्शन की 101वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह भी याद रखना चाहिए कि इससे पहले वर्ष 1922 में हुए चौरी-चौरा कांड से भी कांग्रेस ने मुंह मोड़ लिया था और आजादी का आंदोलन स्थगित कर दिया गया था।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि आज भारत विरोधी ताकतें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग कर देश के खिलाफ अफवाहें फैलाने और समाज को गुमराह करने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे देश के इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र के गौरव से जुड़ी सही जानकारी को समझें तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाएं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि 9 से 17 अगस्त तक आयोजित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने घरों, संस्थानों तथा प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराकर देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दें।