हर घर तिरंगा अभियान के तहत सामूहिक राष्ट्रगीत गायन एवं भव्य तिरंगा रैली का आयोजन

राष्ट्रध्वज के सम्मान एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान

संवाददाता | कानपुर देहात

हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत बुधवार को इको पार्क, माती में जिलाधिकारी एवं जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह की अध्यक्षता तथा मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की उपस्थिति में सामूहिक राष्ट्रगीत गायन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन किया।

राष्ट्रगीत गायन के उपरांत इको पार्क, माती से कलेक्ट्रेट तक भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। रैली में प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया। देशभक्ति के नारों एवं उत्साहपूर्ण वातावरण ने आमजन को हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी कपिल सिंह ने अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं एवं युवाओं से राष्ट्रध्वज के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारी राष्ट्रीय अस्मिता, गौरव और एकता का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्रध्वज का सम्मान करते हुए देशभक्ति की भावना को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाए।

उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि अभियान के अंतर्गत अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और सम्मान व्यक्त करें।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, जिला क्रीड़ा अधिकारी नीलम सिद्दीकी, जिला पंचायत राज अधिकारी विकास पटेल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष, जिला युवा अधिकारी (माय भारत) प्रिया तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं, युवा एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *