संवाददाता | कानपुर देहात
जिला सेवायोजन कार्यालय, कानपुर देहात द्वारा युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को पंडित त्रिपुरी नारायण इंटर कॉलेज, मंगलपुर में करियर काउंसलिंग कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10:00 बजे हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।
कार्यशाला में विद्यार्थियों को इंटरमीडिएट के बाद उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों, उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा सरकारी एवं निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसरों की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सिविल अकादमी, काकादेव (कानपुर नगर) के काउंसलर रामजी ने विद्यार्थियों को उनकी रुचि और योग्यता के अनुसार करियर चुनने, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तथा स्वरोजगार की संभावनाओं पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। साथ ही जिला सेवायोजन विभाग की योजनाओं एवं रोजगार संबंधी सुविधाओं की भी जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में पंडित त्रिपुरी नारायण इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य बृजेंद्र कुमार, समस्त शिक्षक एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। वहीं शिखा देवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य आनन्द पाण्डेय एवं अन्य शिक्षकों ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया।
कार्यशाला में जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से युवा पेशेवर अनुज यादव, वरिष्ठ सहायक राम किशोर तथा कनिष्ठ सहायक पुनीत ऋषु उपस्थित रहे।
जिला सेवायोजन विभाग ने बताया कि युवाओं को समय पर सही करियर मार्गदर्शन उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है, ताकि वे अपनी क्षमता और रुचि के अनुरूप रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर आत्मनिर्भर बन सकें।