जनपद न्यायालय (माती) के स्थापना दिवस पर हुआ वृक्षारोपण, न्यायाधीशों व अधिवक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

संवाददाता | कानपुर देहात

जनपद न्यायालय (माती), कानपुर देहात के स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को न्यायालय परिसर में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर देहात के अध्यक्ष श्री रविन्द्र सिंह ने किया।

कार्यक्रम के दौरान न्यायालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए तथा पर्यावरण संरक्षण, हरित वातावरण और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया गया। उपस्थित अधिकारियों ने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।

इस अवसर पर अपर जिला जज प्रथम श्री रजत सिन्हा, अपर जिला जज द्वितीय श्री प्रभानाथ त्रिपाठी, अपर जिला जज तृतीय श्रीमती पूनम श्रीवास्तव, अपर जिला जज (एफटीसी-प्रथम) श्री हिमांशु कुमार सिंह सहित अन्य न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न बार संघों के वरिष्ठ एवं विद्वान अधिवक्ताओं, न्यायालय के कर्मचारियों तथा वन विभाग के रेंजर श्री यादवेन्द्र अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे और वृक्षारोपण अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई।

स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से न्यायपालिका एवं वन विभाग ने संयुक्त रूप से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *