परिवार परामर्श केंद्रों की समीक्षा बैठक सम्पन्न, पुलिस अधिकारियों को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश

संवाददाता
कानपुर देहात

पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय एवं अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद ने रविवार को जनपद में सर्किल स्तर पर स्थापित किए जा रहे परिवार परामर्श केंद्रों के प्रभावी संचालन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ द्वारा वर्चुअल माध्यम से भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में जनपद के सभी सर्किल स्तर पर नियुक्त अधिकारियों, कर्मचारियों एवं परिवार परामर्श केंद्रों के सदस्यों को पारिवारिक विवादों के संवेदनशील, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण तथा पीड़ित पक्षों को गुणवत्तापूर्ण परामर्श उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।

जनपद में रसूलाबाद सर्किल का परिवार परामर्श केंद्र थाना शिवली, अकबरपुर सर्किल का केंद्र पुलिस लाइन (पूर्व से संचालित), डेरापुर सर्किल का केंद्र थाना डेरापुर, भोगनीपुर सर्किल का केंद्र थाना भोगनीपुर तथा सिकंदरा सर्किल का केंद्र थाना सिकंदरा में स्थापित किया गया है। इन केंद्रों का उद्घाटन 20 जुलाई 2026 को अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ द्वारा वर्चुअल माध्यम से प्रस्तावित है।

पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि सर्किल स्तर पर परिवार परामर्श केंद्र स्थापित होने से पारिवारिक विवादों से जुड़े पीड़ितों को अब अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय नहीं आना पड़ेगा। उन्हें अपने निकटतम सर्किल स्तर पर ही परामर्श एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध होगी, जिससे मामलों का त्वरित, प्रभावी एवं संवेदनशील तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जा सकेगा।

उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं परामर्श केंद्रों के सदस्यों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मामले में दोनों पक्षों की बात निष्पक्षता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए आपसी संवाद और समझौते के माध्यम से विवादों का समाधान कराने का प्रयास किया जाए, ताकि परिवारों में सौहार्द एवं सामाजिक समरसता बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *