बिजली चोरी पर प्रवर्तन दल का बड़ा अभियान, दो उपभोक्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज

संवाददाता
उरई/जालौन

जनपद में बिजली चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से विद्युत प्रवर्तन दल ने विशेष चेकिंग अभियान चलाकर दो स्थानों पर मीटर से छेड़छाड़ कर अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते पाए गए दो उपभोक्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई की। दोनों मामलों में साक्ष्यों के आधार पर कोतवाली उरई में विद्युत अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई है।

यह अभियान पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड तथा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश एवं पर्यवेक्षण में संचालित किया गया। अभियान का नेतृत्व प्रवर्तन दल के प्रभारी उप निरीक्षक एम. आरिफ ने किया। टीम में अवर अभियंता प्रमोद कुमार, उप निरीक्षक सुनीता वर्मा, मुख्य आरक्षी गोवर्धन, मुख्य आरक्षी रविकांत तथा आरक्षी अनुराग तिवारी शामिल रहे।

जांच के दौरान राजेन्द्र नगर, उरई निवासी सत्यम चौरसिया के व्यावसायिक प्रतिष्ठान पर लगे विद्युत मीटर की केबल में अतिरिक्त केबल जोड़कर लगभग 5.702 किलोवाट भार की बिजली का अवैध उपभोग करते हुए पाया गया।

इसी प्रकार सपा कार्यालय के पास, उरई निवासी बुजकिशोर निगम के आवास पर मीटर से पहले केबल काटकर अतिरिक्त केबल जोड़कर लगभग 6.391 किलोवाट भार की बिजली का अवैध उपयोग करते हुए पकड़ा गया।

प्रवर्तन दल ने दोनों मामलों में मौके पर आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर चेकिंग रिपोर्ट तैयार की तथा संबंधित उपभोक्ताओं के विरुद्ध विद्युत अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कोतवाली उरई में एफआईआर दर्ज कराते हुए नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे केवल वैध विद्युत कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली का उपयोग करें तथा मीटर अथवा विद्युत लाइन से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न करें। विभाग ने चेतावनी दी है कि बिजली चोरी करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *