संवाददाता
उरई/जालौन
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई पहुंचकर नव प्रारंभ हुई सुपर स्पेशियलिटी ओपीडी का निरीक्षण किया तथा वहां उपलब्ध कराई जा रही विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सकों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और सहज चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि उन्हें उपचार के लिए अन्य जनपदों की ओर न जाना पड़े।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ओपीडी की पंजीकरण व्यवस्था, चिकित्सकीय परामर्श, दवा वितरण एवं मरीजों की सुविधा संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक मरीज को स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है तथा उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने बताया कि सुपर स्पेशियलिटी ओपीडी के तहत सप्ताह के अलग-अलग दिनों में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। सोमवार को एंडोक्राइनोलॉजी (डायबिटीज एवं थायराइड), मंगलवार एवं गुरुवार को न्यूरोलॉजी (मस्तिष्क एवं नसों के रोग), बुधवार को नेफ्रोलॉजी (गुर्दा रोग) तथा शुक्रवार को गैस्ट्रोएंटरोलॉजी (पेट एवं पाचन तंत्र संबंधी रोग) के विशेषज्ञ मरीजों का परीक्षण एवं परामर्श दे रहे हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं शुरू होने से जालौन सहित आसपास के जनपदों के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। अब गंभीर एवं जटिल बीमारियों के इलाज के लिए दूरस्थ शहरों पर निर्भरता कम होगी। उन्होंने मेडिकल कॉलेज प्रशासन को निर्देश दिए कि इन सेवाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक मरीज इसका लाभ उठा सकें और ओपीडी संचालन सुचारु रूप से चलता रहे।
निरीक्षण के दौरान मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य, चिकित्सकगण एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।