पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा-6 प्रवेश के लिए आवेदन शुरू, 31 जुलाई तक करें ऑनलाइन आवेदन

संवाददाता | कानपुर देहात

पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, कानपुर देहात में शैक्षिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा-6 में प्रवेश हेतु आयोजित होने वाली जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा-2027 (JNVST-2027) के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक एवं पात्र छात्र-छात्राएं 31 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

विद्यालय के प्राचार्य आनंद कुमार मिश्रा ने बताया कि चयन परीक्षा का आयोजन 28 नवंबर 2026 को किया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।

प्रवेश के लिए पात्रता के अनुसार अभ्यर्थी जनपद कानपुर देहात का वास्तविक निवासी होना चाहिए तथा शैक्षिक सत्र 2026-27 में किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा-5 में अध्ययनरत होना अनिवार्य है। अभ्यर्थी की जन्मतिथि 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के बीच होनी चाहिए। साथ ही उसने कक्षा 3, 4 एवं 5 की पढ़ाई पूर्ण शैक्षणिक सत्र के साथ मान्यता प्राप्त विद्यालय से की हो।

विद्यालय प्रशासन ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है। चयनित विद्यार्थियों को विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ निःशुल्क आवास, भोजन, पाठ्य सामग्री एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। विद्यालय में बालक एवं बालिकाओं के लिए अलग-अलग छात्रावास की व्यवस्था है।

इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को माइग्रेशन योजना, एनसीसी, स्काउट्स एवं गाइड्स, एनएसएस सहित विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भाग लेने का अवसर भी मिलता है, जिससे उनके सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिलता है।

विद्यालय प्रशासन ने अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं से निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है। आवेदन एवं विस्तृत जानकारी के लिए नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट किया जा सकता है। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए हेल्प डेस्क के मोबाइल नंबर 8127869595, 9808636559 एवं 9131235057 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *