किसान दिवस में उठीं किसानों की समस्याएं, योजनाओं की दी गई जानकारी, फार्मर रजिस्ट्री कराने पर दिया गया जोर

संवाददाता | कानपुर देहात

जनपद कानपुर देहात में शासन के निर्देशानुसार जुलाई माह के तृतीय बुधवार 15 जुलाई 2026 को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित कृषक हितैषी योजनाओं की जानकारी किसानों तक पहुंचाना रहा।

कार्यक्रम में जनपद स्तरीय अधिकारियों, भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) के मंडल अध्यक्ष रशीद अहमद आजाद सहित लगभग 55 किसानों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ उप कृषि निदेशक हरीशंकर भार्गव ने अधिकारियों, किसान संगठन के प्रतिनिधियों एवं प्रगतिशील किसानों का स्वागत कर किया। उन्होंने किसानों से फार्मर रजिस्ट्री एवं फैमिली आईडी अनिवार्य रूप से बनवाने की अपील करते हुए कहा कि इनके अभाव में विभागीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में कठिनाई हो सकती है। उन्होंने संभावित एल-नीनो प्रभाव के कारण मानसून में सामान्य से कम वर्षा होने की संभावना का उल्लेख करते हुए किसानों को कम पानी वाली दलहनी एवं तिलहनी फसलों की बुवाई करने की सलाह दी।

जिला उद्यान अधिकारी ने किसानों को राष्ट्रीय बागवानी मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए फल एवं सब्जी उत्पादन को बढ़ावा देने का आह्वान किया। साथ ही ड्रिप इरिगेशन एवं स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणाली के उपयोग से जल संरक्षण एवं उत्पादन बढ़ाने के लाभों की जानकारी दी।

जिला कृषि अधिकारी ने धरती माता बचाओ अभियान की जानकारी देते हुए खरीफ सीजन के लिए खाद एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता की जानकारी किसानों को दी और बताया कि जनपद में उर्वरकों की कोई कमी नहीं है।

कृषि वैज्ञानिक डॉ. खलील खान ने किसानों को मृदा परीक्षण के महत्व, मिट्टी का नमूना लेने की वैज्ञानिक विधि, सूक्ष्म पोषक तत्वों की उपयोगिता, हरी खाद के लाभ तथा खरीफ फसलों में लगने वाले कीट एवं रोगों की रोकथाम के उपायों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा की गई कार्रवाई से संबंधित किसान को भी अवगत कराया जाए। उन्होंने किसानों से समूह बनाकर खेती करने, जैविक एवं प्राकृतिक खेती को अपनाने, नगदी फसलों का उत्पादन बढ़ाने तथा शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ किसान दिवस का समापन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *