हज-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन जारी, 20 जुलाई अंतिम तिथि

संवाददाता | कानपुर देहात

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी प्रशान्त साहू ने बताया कि हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा हज-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक आवेदक 20 जुलाई 2026 तक निर्धारित पोर्टल एवं मोबाइल एप के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट तथा ‘हज सुविधा’ मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 22 जून 2026 से प्रारंभ हो चुकी है और 20 जुलाई 2026 तक जारी रहेगी। निर्धारित समय सीमा के बाद किसी भी प्रकार का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी के अनुसार जुलाई 2026 के अंतिम सप्ताह में कुर्रा (डिजिटल रैंडम चयन) प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। चयनित हज यात्रियों को 10 अगस्त 2026 तक 1,52,300 रुपये की अग्रिम धनराशि जमा करनी होगी।

उन्होंने बताया कि आवेदन करने से पूर्व सभी इच्छुक आवेदक हज-2027 की नीति एवं दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन कर अपनी पात्रता सुनिश्चित कर लें। ऑनलाइन आवेदन के समय मशीन रीडेबल अंतरराष्ट्रीय पासपोर्ट, नवीन पासपोर्ट आकार का फोटो, बैंक पासबुक अथवा निरस्त चेक तथा पते के प्रमाण-पत्र की स्कैन कॉपी अपलोड करना अनिवार्य होगा। पासपोर्ट आवेदन की अंतिम तिथि तक जारी होना चाहिए तथा उसकी वैधता 31 दिसंबर 2027 तक होना आवश्यक है।

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि हज यात्रा के लिए चयनित होने के बाद यदि कोई यात्री अपनी सीट निरस्त कराता है तो हज-2027 की गाइडलाइन के अनुसार जमा धनराशि में नियमानुसार कटौती की जाएगी। इसलिए आवेदकों से अपील की गई है कि वे पूरी तैयारी एवं यात्रा की दृढ़ इच्छा सुनिश्चित करने के बाद ही आवेदन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *