उरई (जालौन)। जनपद जालौन के मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में अब सुपर स्पेशियलिटी ओपीडी का संचालन शुरू हो गया है। इसके तहत न्यूरोलॉजी, गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी और एंडोक्राइनोलॉजी विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों का परीक्षण एवं उपचार किया जाएगा।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन के अनुसार, सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं शुरू होने से जिले और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को गंभीर एवं जटिल बीमारियों के इलाज के लिए अब बड़े शहरों के अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी।
प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि न्यूरोलॉजी (तंत्रिका रोग), गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी (पाचन तंत्र एवं लीवर रोग) तथा एंडोक्राइनोलॉजी (हार्मोन एवं ग्रंथियों से संबंधित रोग) की विशेष ओपीडी नियमित रूप से संचालित की जाएगी। इन विभागों में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि संबंधित बीमारियों से पीड़ित मरीज सुपर स्पेशियलिटी ओपीडी का लाभ उठाएं। इस पहल से क्षेत्र में उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ बनाने में मदद मिलेगी।