एसडीएम ने तहसील का औचक निरीक्षण किया, ग्रामीणों से लिया फीडबैक

माधौगढ़ (जालौन)। उप जिलाधिकारी (एसडीएम) माधौगढ़ दिग्विजय कुमार सिंह ने सोमवार को तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं का भ्रमण किया तथा कार्यालय में आए ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और कार्यालय की कार्यप्रणाली के संबंध में फीडबैक लिया।

एसडीएम ने तहसील परिसर में मौजूद फरियादियों से उनकी शिकायतों के निस्तारण की स्थिति, कर्मचारियों के व्यवहार तथा मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक फरियादी की समस्या का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने अभिलेखों, राजस्व कार्यों और लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी राजस्व मामलों का निस्तारण शासन की मंशा के अनुरूप प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा कार्यालय में आने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए।

उन्होंने कहा कि तहसील में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी न हो। साथ ही भ्रष्टाचार, अवैध लेन-देन और लापरवाही के प्रति शून्य सहनशीलता अपनाने के निर्देश दिए।

एसडीएम ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। भविष्य में भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे ताकि सरकारी कार्यालयों में पारदर्शिता, जवाबदेही और बेहतर कार्य संस्कृति सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *